Saturday, March 7

एसएसबी(पटना )के महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्जवल ने चुनाव को ले कर किया रक्सौल बॉर्डर का दौरा,सीमा समन्वय समिति की बैठक में भी लिया हिस्सा!

*बैठक में चुनाव के 48 घंटे पूर्व बॉर्डर सील करने का दिया गया निर्देश

रक्सौल ।(Vor desk)।सीमान्त मुख्यालय एस.एस.बी. पटना के महानिरीक्षक (भा.पु.से.)निशीत कुमार उज्जवल का 47वीं वाहिनी एस.एस.बी., रक्सौल में महत्वपूर्ण दो दिवसीय दौरा संपन्न हुआ। अपने इस दौरे में महानिरीक्षक श्री कुमार ने वाहिनी मुख्यालय एवं वाहिनी के सीमा चौकी पंटोका पहुंचे, जहाँ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया,जिसके उपरांत उनके द्वारा पौधा रोपण किया गया। तत्पश्चात आयोजित सैनिक सम्मेलन में उन्होंने बल कार्मिकों को सुरक्षा सम्बंधित तथा सीमा से आने जाने वाले नागरिकों की पहचान करने और उनकी जाँच-पड़ताल के सन्दर्भ में आवश्यक निर्देश दिये, साथ ही बलकार्मिकों से उनकी ड्यूटी एवं व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में पूछा और उनका मनोबल बढ़ाया। इसके उपरांत, अंतर्राष्ट्रीय चेक पोस्ट (ICP), रक्सौल में आयोजित भारत-नेपाल सीमावर्ती जिला की संयुक्त समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने भाग लिया। इस बैठक में भारत की ओर से जिला अधिकारी सौरभ जोरवाल (पूर्वी चम्पारण), उप महानिरीक्षक, एस. सुब्रमण्यम (क्षेत्रक मुख्यालय एस.एस.बी., बेतिया), कमांडेंट संजय पाण्डेय (47 वीं वाहिनी एस.एस.बी, रक्सौल) और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात (मोतिहारी), एस.एस.बी. एवं जिला प्रशासन पूर्वी चम्पारण के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। वहीं, नेपाल की ओर से मुख्य जिला अधिकारी (C.D.O.) तोय नारायण सुबेदी (जिला-परसा), बारा जिला के मुख्य जिलाधिकारी प्रकाश पौडेल,उप महानिरीक्षक (D.I.G.), अंजनी कुमार पोखरेल (ए.पी.एफ., ब्रिगेड-03, भण्डारा, चितवन) सहित ए.पी.एफ., नेपाल एवं नेपाल पुलिस के वारिय अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में आगामी बिहार विधान सभा चुनाव की तैयारियों, तस्करी पर अंकुश लगाने और अन्य सीमावर्ती सुरक्षा सम्बंधित विषयों पर विस्तृत चर्चाएँ हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!