
पटना/रक्सौल।(Vor desk)।बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में सीटों के बंटवारे का मामला लगभग सुलझ गया है और संभावना है कि आज बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। इससे पहले, दिल्ली में मंगलवार की देर शाम कांग्रेस चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें पार्टी के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, इमरान प्रतापगढ़ी सहित बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावारू जैसे वरिष्ठ नेता शामिल रहे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। सूत्रों के अनुसार, करीब तीन घंटे से अधिक चली इस बैठक में पार्टी ने 76 नामों के पैनल में से 35 से अधिक उम्मीदवारों पर मंथन किया और उनके नाम, क्षेत्र में कार्य, पार्टी में सक्रियता और जनाधार जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा के बाद मुहर लगाई। यह सब सर्वे के आधार पर हुआ।इनमें सिटिंग कैंडीडेट के नाम पहले ही तय हो चुके थे। पार्टी ने टिकट बंटवारे में पारदर्शिता रखने के लिए प्रत्याशियों से ऑनलाइन आवेदन भी मांगे थे। बताया गया है कि कांग्रेस आज बुधवार को 43 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।
इस बीच, रक्सौल सीट पर प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं, क्योंकि इस सीट पर पेंच फंसा हुआ है। कांग्रेस से पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद, पूर्व प्रत्याशी हाफिज अंसारी, नुरुल्लाह खान, डॉ. गौतम कुमार और अखिलेश दयाल जैसे नाम दौड़ में हैं। वैश्य चेहरे के कारण श्याम बिहारी प्रसाद और युवा मुस्लिम चेहरे के कारण नुरुल्लाह खान को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। हालांकि,जनता दल यू से बगावत कर कांग्रेस में शामिल पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद सबसे चर्चित और जिताऊ कैंडिडेट माने जा रहे हैं,लेकिन,उनके नाम पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के भीतर भी कुछ ऐतराज़ होने की खबर है। ऐसे में उनका नाम हटने पर नुरुल्लाह खान, डॉ. गौतम और अखिलेश दयाल में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
रक्सौल सीट पर राजद की भी नजर है, और राजद के राष्ट्रीय सचिव संतोष जायसवाल पटना में सक्रिय रूप से कैंप कर रहे हैं। हालांकि इसकी संभावना कम है, लेकिन अगर सीटों की अदला-बदली होती है तो वह यहां से उम्मीदवार हो सकते हैं। राजद के अन्य दावेदारों में पूर्व प्रत्याशी राम बाबू यादव, सुरेश यादव के अलावा प्रमोद राय, रवि मस्करा और सैफुल आजम भी मजबूती से चर्चा में हैं। राम बाबू यादव अपना तेवर पहले ही दिखा चुके हैं।पूरे रक्सौल क्षेत्र की निगाहें इस पर टिकी हैं कि इंडिया गठबंधन किसे टिकट देता है।
