Sunday, March 8

चुनाव से पहले सघन जांच अभियान में बड़ी सफलता: फर्जी नंबर प्लेट पर दौड़ रहा ट्रक रक्सौल में पकड़ा गया, छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंपा गया ड्राइवर और जब्त ट्रक!

रक्सौल(पूर्वी चंपारण)।(Vor desk) आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमाओं पर चलाए जा रहे सघन जांच और सख्ती अभियान के दौरान रक्सौल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एक ऐसे ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है, जो फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाकर अवैध रूप से वाहन चला रहा था। यह ट्रक मूल रूप से छत्तीसगढ़ का था और उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ में पहले से ही गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज था।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम चुनाव के मद्देनजर वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक पर लगी नंबर प्लेट संदेह के घेरे में आ गई। जांच में पता चला कि ट्रक ड्राइवर, जो स्वयं भी छत्तीसगढ़ का निवासी है, अपने वाहन पर छत्तीसगढ़ के ही एक दूसरे ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर (No.) लगाकर फर्जी तरीके से रक्सौल क्षेत्र में वाहन चला रहा था।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ के अमानका थाना में कांड संख्या 337/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNSS) की धारा 318(4) के तहत पहले से ही मामला दर्ज था। रक्सौल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया और फर्जी नंबर प्लेट लगे ट्रक को जब्त कर लिया।
स्थानीय प्रशासन ने तुरंत छत्तीसगढ़ पुलिस से संपर्क साधा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर और जब्त किए गए ट्रक को छत्तीसगढ़ पुलिस टीम को सौंप दिया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह सफलता दर्शाती है कि चुनाव से पहले सीमाओं पर बढ़ाई गई सख्ती और इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन के चलते अपराधी तत्वों के मंसूबों पर पानी फिरा है। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने स्पष्ट किया है कि फर्जीवाड़ा या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच अभियान इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!