
रक्सौल।(Vor desk)।रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट रक्सौल की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे कोच से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में की गई। गश्ती के दौरान, लक्ष्मण यादव (नेपाल) और बिट्टू कुमार सिंह (सीतामढ़ी) को रक्सौल रेलवे यार्ड से चोरी किए गए कॉपर वायर के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों चोरों ने कबूल किया कि वे चोरी किए गए वायर को सीतामढ़ी के कबाड़ दुकानों में बेचते थे। उनकी निशानदेही पर, RPF ने सीतामढ़ी में दो कबाड़ दुकानदारों, विजय कुमार और दिलीप कुमार की दुकान से कुल 12 किलो जला हुआ कॉपर वायर बरामद किया। इस कार्रवाई में जब्त किए गए कुल 84 मीटर कॉपर वायर और अन्य सामान की कीमत लगभग ₹38,662 आंकी गई है। इस संबंध में RPF पोस्ट रक्सौल पर मामला संख्या 07/2025 दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार मिश्रा को सौंपी गई है।
