
रक्सौल ।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण ज़िले के दरपा थाना क्षेत्र के दुबहा गांव में मंगलवार शाम लगभग चार बजे एक अत्यंत दुखद घटना घटी। बाढ़ के पानी से भरे एक पोखर (तालाब) में डूबने से 12 वर्षीय लालसा कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसकी साथी 13 वर्षीय पल्लवी कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दुबहा गांव निवासी पन्नालाल पासवान की पुत्री लालसा कुमारी और मुकेश पासवान की पुत्री पल्लवी कुमारी गांव के अन्य बच्चों के साथ बाढ़ के पानी में खेल रही थीं। इसी दौरान वे खेलते-खेलते पोखर के गहरे पानी में चली गईं। जब लालसा डूबने लगी, तो उसे बचाने के प्रयास में पल्लवी भी डूबने लगी। बच्चों के शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने दोनों को बाहर निकाला।
परिजन तुरंत दोनों को टावर चौक स्थित एक निजी क्लीनिक ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने लालसा कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पल्लवी कुमारी की नाजुक स्थिति को देखते हुए परिजन उसे आदापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले गए। पीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया। खबर लिखे जाने तक परिजन उसे सरकारी एम्बुलेंस से मोतिहारी ले जा रहे थे।
इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका लालसा कुमारी के पिता, पन्नालाल पासवान, जो रोजी-रोटी के लिए बाहर रहते हैं, उनकी इकलौती बेटी की मौत से परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका की माँ, सोना देवी, का रो-रोकर बुरा हाल है। दरपा थानाध्यक्ष अनीस कुमार ने बताया कि यदि परिजन सहमति देंगे तो शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
