
वीरगंज।(Vor desk)।नेपाल के वीरगंज में भानु चौक स्थित होटल शाह पैराडाइज में एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ के कमरा नंबर 111 में भारत के त्रिपुरा के रहने वाले दो भारतीय नागरिकों, सजल आचारजी (67 वर्ष) और उनके बेटे सागर आचारजी (24 वर्ष), के शव पाए गए हैं।मौत की अवस्था संदिग्ध है।पुलिस ने मामले की गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि करते हुए परसा जिला के एसपी सुदीप पाठक ने कहा कि विभिन्न पहलुओं पर जांच और अग्रतर कारवाई शुरू कर दी गई है।
इधर,घटना के बाद सनसनी है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों पिता-पुत्र ने बीते रविवार अक्टूबर की सुबह होटल में कमरा लिया था। मंगलवार शाम तक जब दरवाज़ा नहीं खुला,तब पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पुलिस टीम ने बगल के कमरे के वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर देखा, तो,बंद कमरे में बेटा सागर पंखे से लटका हुआ था और पिता सजल बिस्तर पर मृत पड़े हुए थे
होटल संचालक ने बताया कि सोमवार दोपहर तक दोनों ने खाना मँगवाया था।मंगलवार शाम तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पुलिस को खबर दी गई।

पुलिस ने फिलहाल कमरे का दरवाज़ा नहीं खोला है। डीएसपी किशोर लम्साल के मुताबिक, प्रारंभिक अनुमान है कि मामला आत्महत्या का हो सकता है,बावजूद, मृत्यु के निश्चित कारण का पता करने के लिए विस्तृत जाँच शुरू कर दी गई है। दरवाज़ा खोलने की प्रक्रिया भारतीय महावाणिज्य दूतावास के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ही होगी।बुधवार सुबह दरवाज़ा तोड़कर शवों को निकाला जाएगा। पूरी रात होटल परिसर में पुलिस दल तैनात रहेगा। पुलिस भारतीय दूतावास के समन्वय से आगे की जाँच, पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रियाएँ पूरी करने की तैयारी कर रही है।इधर चर्चा है कि दोनों इलाज के लिए आए थे।उन्हें वीरगंज से कोलकाता जाना था।(रिपोर्ट: पीके गुप्ता)
