Saturday, March 7

15515/15516 मेमू ट्रेन का नरकटियागंज विस्तार,रक्सौल के यात्रियों में आक्रोश,इंटरसिटी एक्सप्रेस फिर से चालू करने की मांग

रेलवे के आदेश से बढ़ी परेशानी: ‘गलत नीति’ के खिलाफ स्थानीय सांसद का विरोध
रक्सौल।(Vor desk)।
रेलवे बोर्ड के एक ताजा आदेश ने रक्सौल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। सुगौली/रक्सौल से दानापुर के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण मेमू ट्रेन संख्या 15515/15516 (सुगौली रक्सौल दानापुर एक्सप्रेस)
को अब नरकटियागंज तक विस्तारित करने का फैसला लिया गया है, जिससे यह ट्रेन अब नरकटियागंज से दानापुर के लिए चलेगी।
रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर (कोचिंग) संजय कुमार नीलम द्वारा जारी पत्रांक CC 245/2025 दिनांक 1 अक्टूबर 2025 के अनुसार यह विस्तार किया गया है। लेकिन, रक्सौल और सुगौली से दानापुर की यात्रा करने वाले यात्रियों ने इसे गलत फैसला बताते हुए रेलवे के इस फैसले का कड़ा विरोध किया है।

विरोध की मुख्य वजह: लोगों की चिंता है कि इस ट्रेन में पहले से ही भारी भीड़ होती थी,अब और बढ़ेगी,जिससे सफर में मुश्किल होगी।स्थानीय शमीम अहमद,ओम प्रकाश मिश्रा,वसंत जालान,राजू गुप्ता आदि बताते हैं कि रक्सौल से इंटरसिटी के खुलने से लोग परिवार और लगेज के साथ सुविधाजनक यात्रा करते थे,जिसे बंद कर दिया गया।यात्रियों का कहना है कि यह ट्रेन रक्सौल जंक्शन को बिहार की राजधानी पटना (दानापुर के माध्यम से) से जोड़ने वाली लंबी दूरी की (गैर आरक्षित) ट्रेन है। पहले ही यह ट्रेन सुगौली से चलते हुए ही पूरी तरह से भरकर (फूल )आती थी। अब इसे नरकटियागंज पश्चिम चंपारण तक विस्तारित करने से रक्सौल जंक्शन से ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि नरकटियागंज से ही यह ट्रेन पूरी क्षमता से भरकर आएगी।
स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने रेलवे के इस फैसले के विरोध में क्षेत्रीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल का भी विरोध किया है, और उनसे तत्काल हस्तक्षेप कर इस आदेश को रद्द करवाने की मांग की है।

लंबी सफर में सुविधा का अभाव
यह मेमू ट्रेन लगभग 5 घंटे से अधिक का लंबा सफर तय करती है। यात्रियों का कहना है कि यह एक मेमू ट्रेन है, जिसमें 256किलोमीटर की लंबी दूरी की यात्रा के अनुरूप सुविधाओं की भारी कमी है, और अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को पहले से ही परेशानी होती है। नरकटियागंज तक विस्तार होने से यह समस्या और भी गंभीर हो जाएगी।
इस ट्रेन से पड़ोसी देश नेपाल के भी कई यात्री अपनी यात्रा शुरू करते हैं, जो इस विस्तार से सीधे तौर पर प्रभावित होंगे।

यात्रियों की मांग:इंटरसिटी एक्सप्रेस फिर से चालू हो
यात्रियों को याद है कि इस रूट पर पहले चलने वाली इंटरसिटी ट्रेन को भी बंद कर दिया गया था, जिसके बाद व्यापक विरोध हुआ था।स्वच्छ रक्सौल के रणजीत सिंह का कहना है कि कोराना के नाम पर इंटरसिटी बंद करने का षड्यंत्र हुआ।भारी विरोध के बाद ही मेमू ट्रेन के रूप में रक्सौल दानापुर एक्सप्रेस सेवा को फिर से शुरू किया गया, लेकिन इसमें सुविधाओं का नितांत अभाव है।

यात्रियों की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:

  • इंटरसिटी की बहाली: रक्सौल से पाटलिपुत्र तक एक अलग से इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाए, जिसमें पर्याप्त सुविधाएँ हों।
  • मेमू ट्रेन का रूट परिवर्तन: मौजूदा मेमू ट्रेन (15515/15516) का विस्तार करना ही है, तो इसे सुगौली की जगह भाया सिकटा चलाया जाए, ताकि इससे नरकटियागंज रक्सौल रूट के यात्रियों को सुविधा मिल सके।सुगौली हो कर कई ट्रेनें चल रही है।

इसको ले कर महागठबंधन नेता नुरुल्लाह खान,डा गौतम कुमार,सुनील कुशवाहा,सौरंजन यादव आदि ने चेतावनी दी है कि यदि रेलवे बोर्ड ने इस ‘यात्री विरोधी’ आदेश को वापस नहीं लिया और उनकी मांगों पर विचार नहीं किया, तो उन्हें व्यापक आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!