Monday, March 9

रामगढ़वा में तेंदुए का आतंक: दो गांवों में चार लोगों पर किया हमला, दहशत में ग्रामीण

रक्सौल ।(Vor desk)। रामगढ़वा क्षेत्र में पिछले दो सप्ताह से एक तेंदुआ लगातार लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। गुरुवार रात को तेंदुए ने दो अलग-अलग स्थानों पर महिला समेत चार लोगो पर हमला कर दहशत फैला दी। पहली घटना भेरिहरवा गांव में हुई, जहां नागेंद्र सहनी पर तेंदुए ने तब हमला कर दिया जब वे अपने गोशाला में सो रहे थे। अचानक हुए हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

दूसरी घटना बेलासपुर गांव के पास धरमिनिया रेलवे स्टेशन क्षेत्र में हुई, जहां शेख जब्बार और एमाम अहमद तेंदुए का शिकार बने। तीनो घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से रामगढ़वा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।इसके अलावा एक महिला के भी घायल होने की सूचना है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ पहले भी कई बार धरमिनिया रेलवे हॉल्ट और मुरला सरेह में देखा गया था। मुरला पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता इरफान आलम ने बताया कि इस संबंध में वन विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय पुलिस द्वारा वन विभाग को सूचित किए जाने के बावजूद विभाग की ओर से किसी टीम को तेंदुए को पकड़ने के लिए नहीं भेजा गया।

लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। ग्रामीण रात्रि में घरों से निकलने से डर रहे हैं। लोग वन विभाग से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर क्षेत्र में शांति बहाल की जाए।

यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी बड़ी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!