Saturday, March 7

भारतीय स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वीरगंज में भारतीय दूतावास द्वारा कथकली नृत्य कार्यक्रम आयोजित

वीरगंज।(Vor desk)। भारत का 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह एक भव्य कथकली नृत्य प्रस्तुति के साथ मनाया गया। बुधवार की शाम वीरगंज के टाउन हॉल में काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास और वीरगंज में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलामंडलम रामनकुट्टी और उनके समूह द्वारा  एक मनोरम कथकली नृत्य प्रदर्शन का सफलतापूर्वक प्रस्तुति दी।समूह में शामिल कुल नौ कुशल कलाकारों ने महाभारत की कहानियों पर आधारित कथकली नृत्य प्रस्तुत किया। कथकली, जो केरल की एक प्रसिद्ध नृत्य शैली है, को दर्शकों ने खूब सराहा।


इस अवसर पर, मधेश प्रांत के खेल एवं समाज कल्याण मंत्री प्रमोद जायसवाल ने भारत और नेपाल के बीच के सदियों पुराने सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “नेपाल और भारत के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध लंबे समय से रहा है, और इसे और मजबूत करना दोनों देशों के लिए आवश्यक है।”
वीरगंज महानगरपालिका के मेयर राजेश मान सिंह ने भी दोनों देशों के बीच संबंधों को और गहरा करने की बात कही। वहीं, वीरगंज में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा ने भारत और नेपाल के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में नेपाल की ओर से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई थी।
मीणा ने कहा, “यह भाईचारा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सराहनीय है, और भारत इन संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।” यह कार्यक्रम इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस के सहयोग से आयोजित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!