
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल के कोईरिया टोला नहर चौक पर निर्माणाधीन पुल परिक्षेत्र में बीते गुरुवार की मध्य रात्रि नहर में बाइक गिरने से हुए हादसे में मृत जावेद दानिश के परिजनों ने सोमवार को रक्सौल पहुंच कर अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद से मुलाकात की है।इस दौरान मृतक के परिवार को उचित सरकारी मुआवजा दिलाने के साथ-साथ इस मामले में दोषी लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कहीं गयी है।मृतक के परिजन और उनके करीबी लोगों के साथ अनुमंडल कार्यालय पहुंचे स्वच्छ रक्सौल संस्था के अध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि मुलाकात के बाद अधिकारियों ने 15-20 दिनों के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया है।वहीं मृतक के परिजनों ने अंचलाधिकारी व रक्सौल थानाध्यक्ष को भी लिखित आवेदन देकर कार्रवाई करने की मांग की है। मौके पर फरहान राजा, मो. शाहरूख, अमन, गोल्डी, गोलू, मो. रफी सहित अन्य मौजूद थे।सभी ने कहा कि यदि तय समय सीमा के अंदर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो इसको लेकर आंदोलन किया जायेगा।
बता दे कि जावेद के मौत के बाद प्रशासन ने पुल निर्माण एरिया की बैरिकेडिंग कर दी है।संवेदक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दिया गया है।वहीं,इस पुल के निर्माण के लिए पानी कम होने का इंतजार किया जा रहा है।इस पुल निर्माण को जल्द पूर्ण करने एवं डायवर्शन निर्माण की मांग को ले कर इंडिया गठबंधन और जन सुराज द्वारा आंदोलन भी किया गया,वहीं,हादसे में जावेद की मौत के बाद इसे ‘नर बलिया पुल’ करार दिया गया है।रणजीत सिंह ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन पहले से सचेत रहती,तो, नर बलि नहीं होती।वहीं,जावेद का दोस्त अमन घायल हो जीवन और मौत से जूझ रहा है।
