
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल नगर परिषद प्रशासन ने जल संकट के बीच बड़ी कार्रवाई की है। बिना अनुमति बोरिंग कर रही चार समरसेवल मशीन को जब्त कर लिया गया है। भू-जल स्तर नीचे जाने और कम बारिश के कारण क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या बहुत गंभीर हो गई है। अधिकांश चापाकल और मोटर पानी देना बंद कर चुके हैं, जिससे लोगों को पानी की बूंद-बूंद के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
नगर परिषद के सफाई इंस्पेक्टर राम नरेश कुशवाहा ने बताया कि लोग बिना अनुमति के धड़ल्ले से समरसेवल बोरिंग करा रहे हैं, जिससे भू-जल दोहन तेज़ी से बढ़ रहा है। अगर यही हाल रहा तो भू-जल स्तर और नीचे चला जाएगा और पानी की स्थिति और भी विकट हो जाएगी।
शहर में आम जनता पानी की बूंद-बूंद के लिए बहुत परेशान है, जबकि सक्षम लोग मोटी रकम खर्च कर निजी समरसेवल लगवा रहे हैं। इससे असमानता बढ़ रही है और जल संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
इस बीच नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डा. मनीष कुमार ने बताया कि समरसेवल लगवाने के लिए पहले नगर परिषद से आवेदन देकर अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति बोरिंग कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
