
रक्सौल।(Vor desk)।जन सुराज नेत्री पूर्णिमा भारती ने रक्सौल के कोइरियाटोला नहर चौक पर डायवर्शन निर्माण को लेकर 26 जुलाई से आमरण अनशन का ऐलान किया है। उन्होंने पूर्वी चम्पारण के जिला विकास उपायुक्त डॉ प्रदीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर समस्या के निराकरण और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काठमांडू-दिल्ली राज मार्ग के रक्सौल खंड अंतर्गत घोड़ासहन नहर में कोइरियाटोला चौक स्थित अंबेडकर चौक पर हाई लेवल पुल निर्माण के क्रम में बने अप एंड डाउन डायवर्सन के ध्वस्त होने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। इस समस्या को लेकर राजद के नेतृत्व में महागबंधन ने धरना प्रदर्शन किया था।
विधायक प्रमोद सिन्हा की पहल पर डायवर्शन निर्माण की शुरुआत होने के संकेत मिले है। पुल निर्माण निगम के चेयरमैन शीर्षत कपिल अशोक के निर्देश पर टीम 27 जुलाई को निरीक्षण करने आएगी। जिला विकास उपायुक्त डॉ प्रदीप कुमार ने निरीक्षण करने और जरूरी पहल करने का आश्वासन दिया है।
इस बीच पूर्णिमा भारती ने कहा है कि हमें आश्वासन नहीं डायवर्शन चाहिए। जब तक डायवर्शन निर्माण शुरू नहीं होगा, उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।मुझे आश्वासनों पर बिल्कुल विश्वास नहीं है।पुल निर्माण चार माह से चल रहा है,लेकिन,तब डायवर्सन निर्माण में कोताही हुई।ठेकदार का रवैया सही नहीं है।निर्माण में भी अनियमितता बरती जा रही है।उन्होंने यह भी कहा कि काठमांडू दिल्ली राज मार्ग पर आवाजाही बंद करने का अधिकार किसी को नहीं।सरकार और प्रशासन इसके लिए दोषी है।पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
बता दे कि उन्होंने रक्सौल एसडीओ मनीष कुमार को भी ज्ञापन सौंप कर आमरण अनशन की इजाजत मांगी थी,लेकिन,उन्होंने जिला प्रशासन से मिलने को कह कर पल्ला झाड़ लिया।जिला विकास उपायुक्त ने मनीष कुमार से भी पूरे मामले की जानकारी ली।
