
रक्सौल।(Vor desk)।राष्ट्रीय एकता अभियान पर्सा द्वारा वीरगंज में आयोजित “जेहादी आतंकवाद और मधेश – नेपाल की सुरक्षा चुनौती” विषयक गोष्ठी कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारत-नेपाल खुले सीमा का दुरुपयोग करते हुए पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी समूहों द्वारा नेपाल में आंतरिक सुरक्षा चुनौती बढ़ाने को ले कर गंभीर चिंता व्यक्त की।
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि राष्ट्रीय एकता अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष विनय यादव ने कहा कि पाकिस्तान दुनिया का एकमात्र देश है जो आतंकवाद का कारखाना चलाता है और दुनिया भर में सप्लाई करता है। उन्होंने कहा कि नेपाल स्थित पाकिस्तानी दूतावास के कर्मचारी इस कार्य में प्रत्यक्ष रूप से संलग्न हैं।उन्होंने नेपाल सरकार को पाकिस्तानी आतंकी गतिविधि को ले कर सतर्क रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि पहले भी पाक दूतावास के कई कर्मियों को देश निकाला मिल चुका है।उन्होंने काठमांडू स्थित पाकिस्तानी दूतावास को बंद करने की मांग करते हुए कहा कि इससे पहले कि नेपाल बदनाम हो और पड़ोसियों से रिश्ते बिगड़े,नेपाल को संभल जाना चाहिए।यह छुपी बात नहीं है कि आतंककारी अब्दुल करीम टुंडा ,यासीन भटक जैसे कुख्यात नेपाल का उपयोग छुपने,योजना बनाने,पासपोर्ट परिवर्तन के लिए करते रहे हैं और पकड़े भी गए।ऐसे आतंकियों की उपस्थिति ही राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा का विषय है। सार्क की निष्क्रियता और पाकिस्तान के कारण क्षेत्रीय एकता संकट में है।उन्होंने जोर दे कर कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में नेपाली युवक सुदीप न्यौपाने की हत्या पाकिस्तान प्रेरित आतंकवाद का एक नमूना है और जो नेपाल के लिए भविष्य के खतरे की इंगित करता है ।
प्राध्यापक देवेंद्र मिश्र ने कहा कि भारत-नेपाल के बीच खुले सीमा का दुरुपयोग करते हुए आतंकवादी समूह नेपाल में अपनी गतिविधियां चला रहे हैं,जिस पर नेपाल सरकार को इस पर रोक लगानी चाहिए।उन्होंने जोर दे कर कहा कि नेपाल को अपनी कूटनीति को स्पष्ट रखना चाहिए,अपनी धरती को इस्तेमाल नहीं होने देना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर राष्ट्रीय एकता अभियान के केंद्रीय उपाध्यक्ष और संविधान सभा सदस्य भूपेंद्र चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 1980 के दशक से ही पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई भारत के कश्मीर में आतंक फैलाने में जुटी है और इसके लिए नेपाल को केंद्र बना कर घुसपैठ के साथ आर्थिक और धार्मिक नेटवर्क निर्माण करने प्रमाण कई बार सामने आ चुका हैं।नेपाल सरकार को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और नेपाल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
गोष्ठी की अध्यक्षता राष्ट्रीय एकता अभियान के परसा जिला संयोजक बिकाऊ भंडारी ने की।इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता डा अजय यादव,शिव साह,नेपाली कांग्रेस नेता राकेश यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।
