
रक्सौल।(Vor desk)।बिहार सरकार द्वारा हर परिवार को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों लोगों को राहत मिलेगी। एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह कदम जनकल्याण के दृष्टिकोण से सराहनीय है।उक्त बातें राजद नेता सह पूर्व विधान सभा प्रत्याशी राम बाबू यादव ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान कही।
उन्होंने इस दौरान नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं गहरी चिंता का विषय बन गई हैं। हर दिन कहीं न कहीं हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की खबरें आ रही हैं। लगता है जैसे अपराधी बेलगाम हो गए हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
सरकार को चाहिए कि जितना ध्यान वह जन-कल्याणकारी योजनाओं पर दे रही है, उतना ही सख्ती से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी ध्यान दे। पुलिस प्रशासन को जवाबदेह बनाते हुए आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा देना आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है।
