
रक्सौल ।(Vor desk)। विद्युत प्रमंडल रक्सौल के सभागार में शनिवार को कार्यपालक अभियंता अजय कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रमंडल के कार्यों की बारीकी से समीक्षा करना, खासकर कृषि कनेक्शनों, राजस्व संग्रहण और समय पर बिलिंग से संबंधित कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। बैठक के दौरान, कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने बड़े बकायेदारों और अनपेड उपभोक्ताओं से तत्काल राजस्व वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन के कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित एजेंसियों को भी निर्देशित किया। कार्यपालक अभियंता ने सभी अधिकारियों को विभागीय निर्देशों के अनुसार दिए गए लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही, सभी एजेंसियों को अपने कार्यों के प्रति सजग और संकल्पित रहने का निर्देश दिया गया।
सहायक विद्युत अभियंता सुनील रंजन और आलोक कुमार ने सभी जूनियर इंजीनियर (JE) और एजेंसी सुपरवाइजरों को अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित समयानुसार पूरा करने का कार्य सौंपा। उन्होंने डिफॉल्टरों और एसी उपयोगकर्ता उपभोक्ताओं को चिन्हित कर उनके परिसर में स्मार्ट मीटर लगाने और बकाया राशि वसूलने पर विशेष जोर दिया। कार्यपालक अभियंता श्री कुमार ने इस भीषण गर्मी में भी उपभोक्ताओं के हितों का ख्याल रखते हुए सभी कर्मचारियों को सक्रियता से कार्य में जुटे रहने का निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व संग्रहण के कार्य में तेजी लाने और प्रत्येक बकायेदार से राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने की बात कही। विभिन्न पंचायतों में कार्यरत मीटर रीडरों को आवश्यक निर्देश दिए जाने और लक्ष्य देने की बात भी बैठक में की गई।
कार्यपालक अभियंता ने दोहराया कि डिफॉल्टर उपभोक्ताओं और बड़े बकायेदारों से हर हाल में राजस्व की राशि वसूल की जाए। उन्होंने हाई वैल्यू और डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को चिन्हित करने का भी कार्य सौंपा। बैठक में मौजूद सभी सुपरवाइजरों को राजस्व संग्रहण के कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई। यह बताया गया कि गर्मी, धूप या बारिश, हर मौसम में विद्युत विभाग के कर्मी 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रहते हैं, बावजूद इसके राजस्व संग्रहण में सुस्ती बेहद शर्मनाक है।
एजेंसियों को आवश्यक मानकों को हर हाल में पूरा करने, हर घर पर दस्तक देने और प्रत्येक उपभोक्ता से राजस्व की राशि वसूलने पर बल दिया गया। इस बैठक में आईटीएम मनोज कुमार, आशीष कुमार, प्रीतम कुमार बंटी, मो गालिब, रवि कुमार , मनोज कुमार, सुपरवाइजर ऋषिकेश आजाद, कुश कुमार, प्रवीण कुमार, रजनीश कुमार, प्रमोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
