Sunday, March 8

विश्व साइकिल दिवस पर वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा साइकिल रैली का आयोजन

बीरगंज (नेपाल)।(Vor desk)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने 3 जून 2025 को एक साइकिल रैली का आयोजन किया। यह कार्यक्रम बीरगंज साइक्लिंग क्लब, बारा राइडर्स एसोसिएशन (जितपुरसिमरा-बारा), नेपाल इनोवेटिव सोसाइटी (बीरगंज) और ग्रीनसिटी सामुदायिक सेवा केंद्र (आदर्शनगर, बीरगंज) के सहयोग से सम्पन्न हुआ।भारतीय महावाणिज्य दूत श्री देवी सहाय मीणा ने हरी झंडी दिखा कर इस रैली का शुभारंभ किया और खुद भी साइकल रेस में हिस्सा लिया।

इस रैली का उद्देश्य साइकिल चलाने के स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता फैलाना और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका को उजागर करना था। यह पहल महावाणिज्य दूतावास द्वारा स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

रैली मे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, स्कूलों के शिक्षक व छात्र, तथा वाणिज्य दूतावास के अधिकारी व कर्मचारी सहित लगभग 75 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। साइकिल यात्रा महावाणिज्य दूतावास परिसर से आरंभ होकर घंटाघर, माईस्थान, आदर्शनगर, बिर्तामाई, नारायणी अस्पताल, और रजत जयंती चौक होते हुए प्रतिष्ठित शंकराचार्य गेट (भारत-नेपाल सीमा) तक पहुँची। इसके पश्चात प्रतिभागी उसी मार्ग से वापसी करते हुए वाणिज्य दूतावास लौटे।

वाणिज्य दूत मनीष दास ने बताया कि यह आयोजन बीरगंज में स्वास्थ्य, फिटनेस और हरित परिवहन के प्रति लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक सफल प्रयास रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!