
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल नगर परिषद कार्यालय में शनिवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई।यह बैठक कार्यपालक पदाधिकारी ई. मनीष कुमार की उपस्थिति एवं सभापति धूरपति देवी की अध्यक्षता में हुई।बैठक में सात सूत्री एजेंडों पर चर्चा और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई, जिसमे साफ सफाई, नाला उड़ाही,सम्राट अशोक भवन निर्माण,मेन रोड में डिवाइडर में ग्रील और सौंदर्यीकरण,बैंक रोड की सड़क और नाला निर्माण आदि मुद्दे शामिल थे।बैठक में नगर की साफ सफाई को बेहतर बनाने के साथ ही मॉनसून के पूर्व आगामी 15जून तक नालों की उड़ाही पूर्ण कर लेने का संकल्प जताया गया, ताकि,नगर में बारिश के समय विपरीत हालत न बने।इसके साथ ही नाला उड़ाही में स्लैब टूटने और दुबारा स्लैब लगाने में गैप होने से दुर्घटना की आशंका जताई गई।जिसको ले कर जांच कर इस दिशा में उचित पहल पर जोर दिया गया।वहीं,पंकज हॉल से ले कर बाट्टा चौक तक डिवाइडर में ग्रील लगाने और उसके सौंदर्यीकरण की समीक्षा हुई,जिसमे जानकारी दी गई कि टेंडर हो चुका है।जल्द ही कार्य प्रगति पर होगा।वहीं,इस योजना के संपुष्टि के सवाल पर उप सभापति पुष्पा देवी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि संपुष्टि का मामला बोर्ड की बैठक में उठना चाहिए,कोई भी योजना बोर्ड से पारित करने के बाद कार्य शुरू होना चाहिए।बैठक में स्टैंडिंग कमेटी सदस्य डिम्पल चौरसिया ने नगर में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया।वहीं, स्टैंडिंग कमेटी सदस्य घनश्याम प्रसाद ने बैंक रोड सड़क निर्माण जल्द शुरू करने और मेन रोड से बैंक रोड के प्रवेश के मुहाने पर स्लैब की ऊंचाई घटाने का मामला उठाया।जिस पर कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि बैंक रोड नाला के साथ निर्मित होगा।इसका टेंडर प्रक्रिया जारी है।वहीं,उन्होंने बताया कि सम्राट अशोक भवन के लिए स्थल चयन हो चुका है।टेंडर की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी।उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं पर कार्य चल रहा है,जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम नगरवासियों को दिखेगा।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)
