
रक्सौल।(Vor desk)।रक्सौल के ग्रो जीनियस प्ले स्कूल में मदर्स डे के अवसर पर एक दिल छू लेने वाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार को पंकज वाटिका वेंक्वेट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति अपने प्यार और सम्मान को अद्भुत तरीके से प्रस्तुत किया।

*कार्यक्रम की शुरुआत*
कार्यक्रम की शुरुआत अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन रक्सौल इकाई की अध्यक्षा सोनू काबरा, सुशीला देवी, सीमा वर्णवाल, प्रियंका सोनी एवं ग्रो जीनियस प्ले स्कूल की निर्देशिका शिखा रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद राष्ट्रगान और शारदा कला केन्द्र की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई।

*भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सबको किया भावुक*
कार्यक्रम में बच्चों ने जब “कितनी अच्छी है”कितनी भोली है,कितनी प्यारी है,मेरी मां जैसे गीत” गाए तो माहौल भावुक हो गया।अन्य कई भावपूर्ण गीतों और नृत्यों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति अपने प्यार और सम्मान को व्यक्त किया।इस क्रम में पीजी , नर्सरी, एल.के.जी. एवं यू.के.जी के छात्र -छात्राओं ने एक से बढ़कर भावपूर्ण प्रस्तुति दी जिसे देख हॉल में बैठी सभी माताएं भाव विह्वल हो उठीं।
इन प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और माताओं के दिलों को छू लिया।

*माताओं का सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान माताओं को सम्मानित किया गया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्रो जीनियस प्ले स्कूल की निर्देशिका शिखा रंजन ने कहा कि मदर्स डे मनाने का उद्देश्य माताओं के प्रति सम्मान और प्यार को व्यक्त करना है। बच्चों एवं उनकी माताओं के बीच आज के बदलते सामाजिक ताना-बाना के बीच उनके बीच भावनात्मक लगाव को और मजबूत करना है।
उन्होंने महाकवि जयशंकर प्रसाद जी की पंक्तियां उद्धृत करते हुए यह भी कहा कि “नारी की करूणा अंतर जगत का उच्चतम विकास है, जिसके बल पर समस्त सदाचार ठहरे हुए हैं” वहीं उन्होंने आगे यह भी कहा कि माँ जहां अपने बच्चे की प्रथम शिक्षिका होती है वहीं से प्रेम का अध्याय शुरु होता है, माँ की भूमिका व्यक्तित्व के निर्माण की अहम कड़ी है। बच्चे माँ की प्रत्येक हलचल से सीखते हैं, बनते हैं और कभी-कभी बिखरते हैं। उनमें से बेटी और माँ का रिश्ता तो माँ होने का ही विस्तार है। किसी भी काल खण्ड में माँ की भूमिका एवं गरिमा कम नहीं हुई है। माँ तो माँ है जिस किसी के उपर ममतामयी माँ की स्नेहिल छाया है वो दुनिया का सबसे सौभाग्यशाली इंसान है।

*कार्यक्रम की सफलता*
ग्रो जीनियस प्ले स्कूल के इस कार्यक्रम ने दिखाया कि कैसे बच्चे अपनी माताओं के प्रति अपने प्यार और सम्मान को व्यक्त कर सकते हैं। यह कार्यक्रम निश्चित रूप से सभी के लिए एक यादगार अनुभव था।सभी उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुति का खूब आनंद उठाया। यही नहीं मदर्स डे के अवसर पर माताओं को सम्मानित करने और उनके प्रति आभार व्यक्त करने का एक अच्छा प्रयास हुआ।

कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी अपनी माताओं को सुन्दर -सुन्दर कार्ड एवं क्राउन आदि भेंट किया। साथ ही बच्चों के गेम ,रैंप वॉक, ग्रुप डांस एवं फोटो सेशन में माताएं भी शामिल हो अपने नौनिहालों के उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन के पूर्व स्कूल के बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
मंच संचालन अदिति शाह एवं साक्षी गुप्ता ने किया। इस मौके पर त्रिभुवन प्रसाद, रजनीश प्रियदर्शी, अजय कुमार,संगीता धानोठिया, सुनीता शाह , मोनिका गुप्ता समेत नगर के कई लोग उपस्थित रहे।
