
रक्सौल ।(Vor desk)।रक्सौल थाना क्षेत्र के जटियाही गांव में खेत में पानी पटाने गये एक किसान की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई।मृतक जटियाही गांव निवासी पूर्व सैनिक राम चंद्र सिंह के इकलौते पुत्र 50 वर्षीय रमेश सिंह बताये गये है। हत्यारों ने हत्या के बाद उनके शव को उनके ही खेत में उनके ट्रैक्टर ट्रॉली में रख कर फरार हो गए। गुरुवार की अहले सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणो ने हो हल्ला किया। सूचना पर पुलिस पहुंच कर जांच में जुट गई।वहीं ,पोस्टमार्टम के बाद शव मोतिहारी से रक्सौल पहुंचा ,जहां,परिजनो ने अंत्येष्टि कर दी है।

स्थानीय लोगो के अनुसार मृतक रमेश सिंह ने गांव से गुजरने वाली नहर के समीप गन्ने की फसल लगाई है।बीते तीन दिनों से अपने गांव के पास नहर से कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में पानी पटाने जा रहे थे। हर बार की तरह इस बार भी वे अपने ट्रैक्टर के साथ खेत में गए थे। बीती रात उनके साथ उनका सहायक अजय भी था।घर से भेजे गए खाना खाने के बाद रमेश सिंह ने अजय को वापस भेज दिया।सूत्रों के मुताबिक, रमेश सिंह अजय को देर रात घर भेजने के बाद खुद खेत में रुक गए। सुबह जब अजय खेत पर वापस आया तो उसने रमेश सिंह का शव ट्रैक्टर ट्रॉली में पड़ा पाया। गला रेतकर हत्या की गई थी। उसने तुरंत गांववालों और परिजनों को सूचना दी। खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
परिजन ने शव को घर लाकर पुलिस को सूचना दी।मृतक रमेश सिंह गैस एजेंसी संचालक जयनारायण सिंह के पट्टीदार थे। उनकी हत्या क्यों और किसने की, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। एसडीपीओ धीरेन्द्र कुमार और थानाध्यक्ष राजीव नंदन सिन्हा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। हत्या के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। उनकी पत्नी और दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक,हत्या कांड में नजदीकी रिश्तेदार पर शक जताया जा रहा है।जिसके पीछे आपसी विवाद को कारण माना जा रहा है।इस लिहाज से पुलिस पुराने रंजिश सहित संदिग्ध लोगों के गांव में आवाजाही,भूमिका की जांच में जुट गई है।वहीं,इस हत्या कांड को गंभीरता से लेते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
उच्चस्तरीय जांच की मांग
राजद नेता सह पूर्व विधान सभा प्रत्याशी राम बाबू यादव ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हत्या की कड़ी निंदा करते हुए नीतीश सरकार को कटघड़े में खड़ा किया है।उन्होंने कहा की बिहार में हत्यारों,लुटेरों का राज है। रबी की फसल कटने वाली है,ऐसे में किसान खेत पर जाएंगे।इस हत्या ने कृषकों को डरा दिया है।श्री यादव ने हत्याकांड की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।साथ ही मृतक के आश्रित को मुआवजा और नौकरी देने की मांग की है।