
रक्सौल।(vor desk)। रक्सौल स्थित कर्पूरी आश्रम में भारत रत्न स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर की101वीं जयंती आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित और स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इस मौके पर जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को को नमन करते हुए पूर्व मंत्री श्री प्रसाद ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने अपने पूरे जीवन में समाज के शोषित, वंचित और गरीब वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वह सामाजिक न्याय के वास्तविक ध्वजवाहक थे ,जिन्होंने पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाये
उनकी सादगी, ईमानदारी और त्याग हर भारतीय के लिए प्रेरणा स्रोत है।उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी ने अपने जीवन में न केवल सामाजिक समरसता का संदेश दिया, बल्कि समाज में समानता और समावेशिता के सिद्धांतों को भी मजबूती से स्थापित किया।उनके आदर्श आज भी हमें सही दिशा में कार्य करने और समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं।
वहीं,समाजसेवी महेश अग्रवाल ने उनकी सादगी और ईमानदारी को आज के समय में सभी जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के लिए आदर्श बताया। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा के प्रति समर्पण से समाज में सकारात्मक बदलाव लाए जा सकते हैं।
वहीं,राजद के प्रधान महासचिव प्रेम चंद्र यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती मनाना केवल उनके प्रति सम्मान प्रकट करना नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करना भी है।
पूर्व प्रमुख संतोष कुमार उर्फ पप्पू जी ने कहा कि कर्पूरी जी का जीवन हमें यह सिखाता है कि जनसेवा और कर्तव्य परायणता से ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है।
राजद के पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सह पूर्व मुखिया मदन प्रसाद गुप्ता ने अपने संबोधन में कर्पूरी ठाकुर जी को गरीबों का मसीहा कहा।
आदापुर प्रखंड अध्यक्ष मोबारक अंसारी और राजद नेता सह पंचायत अध्यक्ष सरफुद्दीन आलम ने कहा कि कर्पूरी जी के कार्यों और विचारों को जन जन तक पहुंचाने की जरूरत है।आज की राजनीति उनके मार्ग से हो कर ही गुजरती है।राजद सुप्रीमो लालू यादव ने कर्पूरी ठाकुर जी के सपनो को पूरा करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास किया।विपरीत विचार धारा वाले राजनीतिक दलों को भी जननायक को स्वीकारना पड़ा और उन्हें भारत सरकार ने मृत्यु परांत भारत रत्न दे कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाज की सेवा और विकास के लिए काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद राय ने की।उन्होंने अपने पिता पूर्व विधायक स्व राज नंदन राय को कर्पूरी ठाकुर जी का सच्चा अनुयाई बताया और कहा कि जन नायक ठाकुर कई बार रक्सौल आए।उनके स्मृति में कर्पूरी आश्रम, कर्पूरी मार्केट यहां बने हुए हैं।उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने उन्हे भारत रत्न की उपाधि दी,लेकिन,उससे भी बड़ी बात यह है कि वे आज भी आम आवाम के दिलो में हैं और राजनीति में आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
जयंती समारोह में राजद प्रखंड अध्यक्ष सौरंजन यादव,नगर अध्यक्ष चंद्र शेखर कुमार कानू,सुभाष यादव,अति पिछड़ा नगर अध्यक्ष राम स्वरूप गुप्ता,पूर्व नगर पार्षद मनोज पासवान, ओम ठाकुर,मोहम्मद असलम,मोहम्मद नासिर, ओम प्रकाश दास,ब्रह्मदेव पटेल, रामाशंकर यादव,संतोष दास,चंद्रेश्वर राय,अनिल दास,नितेश कुमार,श्याम बिहारी तिवारी,कृष्ण यादव आदि मौजूद रहे।