
रक्सौल।(vor desk)।पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी बाजपेई की 100वीं जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। स्व बाजपेई के इस जन्म शती समारोह का आयोजन हरैया स्थित विधायक आवास पर धूम धाम से मनाई गई।कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद संजय जायसवाल,विधायक प्रमोद सिन्हा,पूर्व एमएलसी बबलू गुप्ता,जिलाध्यक्ष अशोक पांडे आदि ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर तिलक और पुष्प अर्पण कर किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह क्षेत्रीय सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने कहा कि अटल जी ने सशक्त और समर्थ भारत का सपना देखा था, जो अब मोदी जी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। उन्होंने अपना जीवन भारत के विकास और संगठन के लिए समर्पित किया।

बिहार में एक लाख करोड़ की फैक्ट्री और सड़कों का जाल उनके विजन का परिणाम है। वे देश के सबसे बड़े राजनीतिक चिंतक थे। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र देश और पार्टी को प्राथमिकता देना है। डॉ. जयसवाल ने बताया कि अटल की 100वीं जयंती को शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत पूरे साल विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की।
वहीं,विधायक प्रमोद सिन्हा ने कहा कि आज के दिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो अटल जी के आदर्शों और कुशल नेतृत्व की याद दिलाता है। अटल जी के आदर्शों को अपनाकर हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
पूर्व एम एल सी बबलू गुप्ता ने कहा कि पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी अपने नाम के अनुसार अटल रहे।उन्होंने देश के लिए ऐसा कार्य किया, जो देश के स्वर्णिम विकास में सार्थक हो रहे हैं।उन्होंने स्वर्णिम चतुर्भुज बनाकर महानगरों को तो जोड़ा ही साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना देकर गांव गांव को सड़क से जोड़ा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पांडे ने की।कार्यक्रम में विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, पूर्व एमएलसी बबलू गुप्ता, भाजपा चुनाव प्रभारी रामदयाल शर्मा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद शंकर सिंह ,नगर अध्यक्ष मंटू गुप्ता आदि ने भी अटल जी के जीवन और योगदान पर अपने विचार रखे।

पद यात्रा का आयोजन
रक्सौल ।पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी के अवसर पर उनके द्वारा शुरू किए पीएमजीएस वाई योजना अंतर्गत भेलाही में निर्मित सड़क पर माननीय सांसद डॉ संजय जायसवाल के नेतृत्व में सुशासन पद यात्रा किया गया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधान मंत्री वाजपेयी जी ने भारत को प्रगति की नई राहों पर अग्रसर किया और एक सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र का सपना देखा। उनकी ओजस्वी वाणी, निडर व्यक्तित्व, और सशक्त निर्णय लेने की क्षमता ने उन्हें हर भारतीय के दिलों में अमर बना दिया।
उनकी कविता की ये पंक्तियां आज भी प्रेरणा देती हैं:
“हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा,
काल के कपाल पर लिखता-मिटाता हूं,
गीत नया गाता हूं।”विधायक प्रमोद सिन्हा ने कहा कि अटल जी की जयंती हमें उनके आदर्शों और विचारों को अपनाने की प्रेरणा देती है।
