Saturday, September 21

धान की कागजी खरीद कर लगभग 56 लाख रुपये का गबन, छौडादानो प्रखंड अंतर्गत कुदरकट के पैक्स सचिव राजकुमार सिंह को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रक्सौल ।(vor desk)।पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो प्रखंड क्षेत्र के कुदरकट पैक्स में धान गबन की दर्ज प्राथमिकी में पुलिस ने छापेमारी कर पैक्स सचिव राजकुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम छापामारी कर रही है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में छौड़ादानो के कुदरकट पैक्स अध्यक्ष और अन्य पर धान अधिप्राप्ति में अनियमितता बरतने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

रक्सौल एसडीपीओ धीरेंद्र कुमार ने बताया कि फर्जी कागजी खरीद पर सरकारी 56 लाख के गबन की दर्ज प्राथमिकी में कुदरकट पैक्स के सचिव को गिरफ्तार किया गया है। बाकी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम द्वारा छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी छौड़ादानो के मठिया ग्राम निवासी चंद्रशेखर सिंह का पुत्र है। उक्त पैक्स अध्यक्ष और अन्य सम्बंधित लोगों पर छौड़ादानो थाने में 30 अगस्त को कांड संख्या 209 प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने दर्ज कराई थी।

मामला बिहार राज्य खरीफ विपणन मौसम 2023-24 का है। सरकार द्वारा किसानों के धान की खरीद में पैक्स में सरकारी राशि का गबन होने का खुलासा हुआ है। धान अधिप्राप्ति में उक्त पैक्स में फर्जी आंकड़ा बताकर लगभग 56 लाख सरकारी रुपये का गबन कर लिया गया है। उक्त पैक्स के अभिलेख में 469.70 एमटी धान क्रय किया जा चुका है, जिसके समतुल्य सीएमआर 319.4 एमटी बिहार राज्य खाद्य निगम मोतिहारी को आपूर्ति की जानी थी। परंतु कुदरकट पैक्स द्वारा अभी तक मात्र 174 एमटी सीएमआर राज्य खाद्य निगम मोतिहारी को आपूर्ति की गई। 145.4 एमटी सीएमआर का आपूर्ति नहीं करने पर सहकारिता विभाग की नजर इस तरफ गई।

बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीने से कुदरकट पैक्स अध्यक्ष को पत्राचार, दूरभाष और व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर सहकारिता प्रसार पदाधिकारी द्वारा सीएमआर आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया। लेकिन पैक्स अध्यक्ष बहानेबाजी करते रहे। अनुमंडल पदाधिकारी शिवाक्षी दीक्षित
के समीक्षात्मक बैठक में उपस्थित होने के लिए पैक्स अध्यक्ष को निर्देशित करने के बाद भी वे इन बैठकों में उपस्थित नहीं हुए। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल द्वारा सहकारिता प्रसार पदाधिकारी छौड़ादानो को उक्त पैक्स की भौतिक जांच का निर्देश दिया गया।

सहकारिता प्रसार पदाधिकारी ने जब पैक्स गोदाम में जाकर देखा तो गोदाम खाली था। धान की मात्रा शून्य पाई गई। जबकि अध्यक्ष के खरीदारी अभिलेख के मुताबिक पैक्स गोदाम में 258.575 एमटी धान होना चाहिए था। जांच प्रतिवेदन में सहकारिता प्रसार पदाधिकारी ने पैक्स अध्यक्ष पर 258.575 एमटी धान के गबन का प्रतिवेदन दिया गया है, जिसकी कुल राशि लगभग 56 लाख 44 हजार छह सौ 92 रुपये है। उक्त पैक्स पर सरकारी राशि के गबन की प्राथमिकी छौड़ादानो थाने में दर्ज कराई गई थी।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!