Tuesday, October 8

भारतीय महावाणिज्य दूत नितेश कुमार ने नेपाल के 6 जिलों के लिए सौंपी बाढ़ राहत सामग्री!

रक्सौल।( vor desk )।भारत ने सीमा से लगे नेपाल के आधा दर्जन बाढ़ प्रभावित जिलों में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मानवीय सहायता के तहत नेपाल को बाढ़ राहत सामग्री भेजी है।


जिसे बुधवार को एक कार्यक्रम के बीच वीरगंज स्थित भारत के महावाणिज्य दूत नितेश कुमार ने नेपाल सरकार के पूर्व मंत्री सुश्री चंदा चौधरी को बाढ़ राहत सामग्री की पूरी खेप सौंपी हैं। नेपाल-भारत महिला मैत्री सोसायटी( एनआईडब्ल्यूएफएस )की अध्यक्ष चंदा देवी ने इसके लिए भारत सरकार का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए संकट की घड़ी में भारत सरकार की इस सहायता के लिए नेपाल की जनता की ओर से धन्यवाद देते हैं।

इस कार्यक्रम में श्री कुमार और सुश्री चौधरी ने संयुक्त रूप से पर्सा जिले के जगरनाथपुर नगर पालिका और परसागढ़ी नगर पालिका के लगभग सौ बाढ़ पीड़ितों को तंबू और एक सोने के लिए चटाई( मैट) वितरण किया।

इस दौरान पर्सा जिला के राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं और एनआईडब्ल्यूएफएस के पदाधिकारियों की मौजुदगी रही।


भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि एनआईडब्ल्यूएफएस को सौंपी गई राहत सामग्री में नेपाल के प्रांत-2 के छह तराई जिलों में बाढ़ प्रभावित परिवारों को वितरण के लिए बड़े आकार के टेंट, फैमिली रिजिड टेंट (सिंगल फ्लाई), फैमिली रिजिड टेंट (डबल फ्लाई), प्लास्टिक शीट और स्लीपिंग मैट शामिल हैं।

भारतीय महावाणिज्य दूत श्री कुमार ने बताया कि बाढ़ के कारण हाल ही में हुई तबाही और जानमाल के नुकसान को देखते हुए नेपाल के प्रांत 2 के परसा, बारा, रौतहट, सरलाही, महोतरी और धनुषा के प्रभावित जिलों में स्थानीय प्रशासन के समन्वय से पूरी खेप एनआईडब्ल्यूएफएस के माध्यम से वितरित की जाएगी। नेपाल हमारा हमेशा से मित्र राष्ट्र रहा है। वर्तमान में बाढ़ से प्रभावित नेपाल को सहायता पहुंचाने और मुश्किल समय में नेपाल के साथ दृढ़ता के साथ खड़े रहने की जरूरत है। अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाने के लिए यह बाढ़ राहत सामग्री नेपाल की जनता के लिए दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!