
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के बैंक रोड स्थित एक आवासीय परिसर में गुरुवार को भारत विकास परिषद, रक्सौल शाखा के सत्र 2026-27 की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु एक विशेष बैठक आयोजित की गई। परिषद के संरक्षक अवधेश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से रजनीश प्रियदर्शी को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं, समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे सेवानिवृत्त डीएसपी नरेश कुमार को सचिव और सुनील कुमार को वित्त सचिव का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर उत्तर बिहार प्रांत की ओर से प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक के तौर पर प्रांतीय अध्यक्षा डॉ. पुतुल सिन्हा एवं प्रांतीय महिला सहभागिता प्रमुख श्रीमती धीरा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। रक्सौल शाखा के सदस्यों ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं दोशाला भेंट कर सम्मानित किया। बैठक के दौरान सभी सदस्यों के आपसी विचार-विमर्श और ध्वनिमत से नई टीम का अनुमोदन किया गया। प्रांतीय अध्यक्षा डॉ. पुतुल सिन्हा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए रेखांकित किया कि परिषद प्रबुद्धजनों का एक पूर्णतः गैर-राजनीतिक संगठन है, जिसका मुख्य उद्देश्य जनहित और सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, सचिव नरेश कुमार एवं वित्त सचिव सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सेवा, संस्कार एवं राष्ट्र समर्पण का एक पवित्र अवसर है। उन्होंने परिषद के पंचसूत्र—संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण—को संगठन की असली शक्ति बताते हुए समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन में परिषद शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करेगी। साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि शीघ्र ही कार्यकारिणी का विस्तार कर विभिन्न गतिविधियों के प्रमुखों की घोषणा एवं दायित्व ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन सत्र में नवनियुक्त सचिव नरेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर भरत प्रसाद गुप्त, निवर्तमान अध्यक्ष महेश कुमार अग्रवाल, सीताराम गोयल, सुभाष अग्रवाल, उमेश सिकारिया, नीतेश कुमार सिंह, अजय कुमार, बिमल कुमार सर्राफ, विजय कुमार साह, सुरेश धानोठिया, मनोज कुमार, विनोद रौनियार, अरविंद जायसवाल, धर्मनाथ प्रसाद, विनोद कुमार, अजय हिसारिया एवं संतोष कुमार सहित कई प्रबुद्ध सदस्य उपस्थित रहे।
