
रक्सौल।(Vor desk)। सीमावर्ती शहर रक्सौल के सर्वांगीण विकास और इसे एक आधुनिक ‘स्मार्ट सिटी’ की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में नगर परिषद ने एक बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यवाहक सभापति पुषा देवी की अध्यक्षता में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 197 करोड़ रुपए का भारी-भरकम बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक का कुशल संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया, जिन्होंने सदन के पटल पर रक्सौल के कायाकल्प का पूरा खाका प्रस्तुत किया।
इस बजट की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी शहर के लिए एक व्यवस्थित सीवरेज सिस्टम विकसित करने का प्रस्ताव है। बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि पूरे शहर में जल निकासी और स्वच्छता के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इसके लिए आवश्यक फंड की स्वीकृति हेतु क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से केंद्रीय जल संसाधन मंत्री से मिलकर प्रस्ताव रखने पर भी गहन चर्चा हुई। कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि बजट का मूल मंत्र ‘स्वच्छ रक्सौल-सुंदर रक्सौल’ की संकल्पना को साकार करना है, जिसके तहत बुनियादी ढांचे के साथ-साथ जन-सुविधाओं के विस्तार पर सबसे अधिक ध्यान दिया गया है।

बजट में शहर के सौंदर्यीकरण और मनोरंजन के लिए आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क और नागरिक उद्यानों के निर्माण का प्रावधान है। वहीं, महिला सम्मान और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर ‘पिंक टॉयलेट’ बनाने का निर्णय लिया गया है। शहर की हर गली और मोहल्ले को पक्की सड़कों, नालियों और नल-जल योजना से जोड़ने के साथ-साथ सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर को दूधिया रोशनी से नहलाने के लिए नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा, किसी भी आकस्मिक संकट या प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए एक विशेष आपदा फंड की भी व्यवस्था की गई है।
कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने पारित बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट रक्सौल की जनता की उम्मीदों और शहर की वास्तविक जरूरतों का प्रतिबिंब है। उन्होंने परिषद की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे धरातल पर उतारने के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ काम किया जाएगा। ध्वनिमत से स्वीकृत इस बजट को अब अंतिम अनुमोदन के लिए संबंधित विभाग के पास भेजा जाएगा।
बैठक के दौरान नगर प्रशासन और पार्षदों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला और पूरी कार्यवाही अत्यंत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस अवसर पर पार्षद अनुरागिनी देवी, सीमा देवी, डिंपल चौरसिया, आशा देवी, रवि कुमार गुप्ता, घनश्याम प्रसाद, कुंदन सिंह, रणजीत श्रीवास्तव, मुकेश कुमार, जितेन्द्र दत्ता, मो. अब्बास, ओम कुमार और पन्ना देवी उपस्थित रहीं। प्रशासनिक स्तर पर नगर प्रबंधक अविनाश कुमार राव, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, कनीय अभियंता राज कुमार राय, अजीत कुमार श्रीवास्तव, बैजू जायसवाल, पंकज सिंह, राकेश रंजन सहित नगर परिषद के अन्य कर्मियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
