Sunday, March 15

रक्सौल में मारवाड़ी समाज ने उत्साह के साथ मनाया गणगौर का सिंजारा, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हुआ शहर

रक्सौल।(Vor desk)। शहर के बैंक रोड स्थित श्रीसत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में मंगलवार को आस्था और परंपरा का संगम देखने को मिला। श्रीसत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर ट्रस्ट एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन (रक्सौल शाखा) के संयुक्त तत्वावधान में ‘गणगौर का सिंजारा’ समारोह बेहद हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति की बयार से सराबोर रहा और मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्सव का आनंद लिया।

​कार्यक्रम के दौरान प्रांतीय बाल विकास प्रमुख वीणा गोयल और सम्मेलन की अध्यक्षा सोनू काबरा ने संयुक्त रूप से गणगौर पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गणगौर राजस्थान का एक प्रमुख लोकपर्व है, जो चैत्र मास में मनाया जाता है। ‘गण’ का अर्थ भगवान शिव और ‘गौर’ का अर्थ माता पार्वती है। यह पर्व पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए मनाया जाता है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि इस पूजा में ’16’ अंक का विशेष महत्व है, क्योंकि यह उत्सव 16 दिनों तक चलता है और इसमें 16 शृंगार के साथ 16 फल व सुहाग सामग्री अर्पित की जाती है। चैत्र शुक्ल पक्ष की तृतीया को मुख्य पूजा के बाद मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है।

​उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न गृहपयोगी सामानों के स्टॉल लगाए गए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। साथ ही, समाज के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

​समारोह में मारवाड़ी महिला सम्मेलन की ओर से अध्यक्षा सोनू काबरा, वीणा गोयल, आभा केशान, संगीता अग्रवाल, संगीता रुंगटा, अनुराधा शर्मा, बबीता रुंगटा, बबली अग्रवाल, मधु अग्रवाल, मीना भरतिया, खुशबू भरतिया, शिल्पा भारतीय, सुमन अग्रवाल, सुशीला अग्रवाल, रचना रुंगटा, सुनीत शाह, शिप्रा अग्रवाल, ज्योति शर्मा, सरिता शर्मा, सारिका अग्रवाल और नीलम खेतान सहित अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।

​वहीं, श्रीसत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर ट्रस्ट की ओर से सचिव कैलाश चंद काबरा, पुरुषोत्तम अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, गणेश अग्रवाल एवं सीताराम गोयल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!