
रक्सौल।(Vor desk)। हवाई अड्डा परिसर स्थित मैदान में इंडो-नेपाल क्रिकेट क्लब और बादशाह बूम क्रिकेट टीम के बीच खेले गए क्रिकेट मुकाबले ने दर्शकों को काफी रोमांचित किया। इस अवसर पर सामूहिक राष्ट्रगान के बाद दो मैच खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल भावना का परिचय दिया।
पहले मैच में इंडो-नेपाल क्रिकेट क्लब की कप्तानी प्रधानाध्यापक छोटेलाल राय ने की, जबकि बादशाह बूम क्रिकेट टीम के कप्तान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बृजेश कुशवाहा रहे। टॉस जीतकर इंडो-नेपाल टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 76 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बादशाह बूम टीम ने 5 विकेट खोकर 77 रन बनाते हुए 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ली। इस मैच में कुन्दन के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसके बाद 10 ओवर का दूसरा फाइनल मैच भी खेला गया। इस मुकाबले में इंडो-नेपाल क्रिकेट क्लब की कप्तानी प्रधानाध्यापक छोटेलाल राय के स्थान पर अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने संभाली। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ खेलते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैच के दौरान कमेंट्री भी आकर्षण का केंद्र रही। निशांत कुमार सिंह और प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने अपने जोशीले अंदाज में कमेंट्री कर मैच के रोमांच को और बढ़ा दिया। विजेता टीम को अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने 5001 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों को प्रखंड क्षेत्र में और अधिक बढ़ावा दिया जाना चाहिए, क्योंकि खेलकूद भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बृजेश कुशवाहा ने कहा कि खेलकूद से व्यक्तित्व का विकास होता है और यह स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक स्वयं खेलों में रुचि लेंगे तो बच्चे भी खेलकूद के लिए प्रेरित होंगे, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास बेहतर होगा।
वहीं प्रधानाध्यापक छोटेलाल राय ने कहा कि यह मैच एक शुरुआत है और भविष्य में ऐसे खेल आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की योजना बनाई जाएगी।
इस अवसर पर मनोज कुमार, विनोद, सूरज, बबलू, अभिनाश, मनीष, दुर्गेश, प्रशांत, कुन्दन सहित अनेक खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित थे। बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शकों ने भी मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
