
रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलनवा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रक्सौल प्रखंड के पलनवा थाना अंतर्गत सौनाहा गांव में छापेमारी कर 860 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को भी रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसडीपीओ मनीष आनंद और पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सौनाहा गांव निवासी बजरंगी कुमार के घर पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से 860 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बजरंगी कुमार को हिरासत में ले लिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
नेपाल से तस्करी कर घर से होता था धंधा
पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी नेपाल से गांजा लाकर अपने घर में जमा करता था। वह घर में कायम दुकान से ही गांजे की अवैध खरीद-बिक्री के धंधे को संचालित कर रहा था। पुलिस को इस संबंध में सटीक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की योजना बनाई गई।
अभियान जारी रहेगा
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती इलाकों में तस्करी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
