Friday, March 13

आईसीपी रक्सौल में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन: 150 से अधिक कर्मियों व ट्रक चालकों की हुई जाँच

रक्सौल।(Vor desk)।भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण द्वारा संचालित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) परिसर में सामाजिक सरोकारों के तहत एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रक्सौल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में आईसीपी से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मियों और बड़ी संख्या में ट्रक चालकों ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान चिकित्सकों की टीम द्वारा करीब 150 से अधिक लोगों के ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और ब्लड ग्रुप की जाँच की गई, जिसके बाद उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श के साथ-साथ मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।

​इस मानवीय पहल पर प्रकाश डालते हुए आईसीपी रक्सौल के प्रबंधक कुमार राजीव रंजन ने कहा कि आईसीपी का उद्देश्य केवल आयात-निर्यात की सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समय-समय पर जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करना भी है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य लक्ष्य परिसर में कार्यरत श्रमिकों और कर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है ताकि उन्हें समय पर सही चिकित्सीय सलाह मिल सके।

​स्वास्थ्य जाँच की कमान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रक्सौल के प्रभारी डॉ. राजीव रंजन कुमार एवं वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित जायसवाल के नेतृत्व वाली टीम ने संभाली। इस टीम में एएनएम इंदु कुमारी व नीरज कुमारी के साथ स्वास्थ्यकर्मी रवींद्र कुमार और नवीन कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के सफल संचालन में लायंस क्लब ऑफ रक्सौल का भी विशेष सहयोग रहा। मौके पर मौजूद क्लब के अध्यक्ष लायन बिमल सर्राफ और सचिव लायन मोहम्मद निजामुद्दीन ने संयुक्त रूप से कहा कि मानवता की सेवा ही सर्वोपरि है और आईसीपी प्रशासन द्वारा दिया गया यह आमंत्रण क्लब के लिए गौरव की बात है।

​व्यवस्था को सुचारू बनाने में आईसीपी के अग्निशमन विभाग से श्याम बाबू सिंह, सुरभि सिंह, अख्तर सैफी और प्रिया रानी ने अपना योगदान दिया, वहीं आईसीपी स्वास्थ्य इकाई की ओर से सुमन कुमारी, अर्जुन मिश्रा और अंचल मिश्रा भी तत्पर रहे। शिविर को लेकर वहां मौजूद ट्रक चालकों और कर्मचारियों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि कार्य की व्यस्तता के बीच इस तरह के आयोजन उन्हें अपने स्वास्थ्य की नियमित जाँच कराने और बीमारियों के प्रति सतर्क रहने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!