Friday, March 13

मुजफ्फरपुर से आई अन्वेषण ब्यूरो और वाणिज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने रक्सौल में ‘मुस्कान मेटल उद्योग’ पर छापेमारी ,जांच जारी


​रक्सौल।(Vor desk)। शहर के आश्रम रोड स्थित ‘मुस्कान मेटल उद्योग’ नामक व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर शुक्रवार की देर शाम अन्वेषण ब्यूरो और वाणिज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। प्रमंडल अन्वेषण ब्यूरो (तिरहुत प्रमंडल) और वाणिज्य कर विभाग, रक्सौल अंचल की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर पूरे व्यापारिक जगत में खलबली मचा दी है।

​डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में जांच

​मुजफ्फरपुर से विशेष रूप से आई इस टीम का नेतृत्व डिप्टी कमिश्नर स्तर के अधिकारी संदीप तेतरवे कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कृष्णा कुमार द्वारा संचालित यह एक जॉइंट फर्म है, जिसके तहत कपड़ा, मोटर पार्ट्स और स्पेयर पार्ट्स का बड़े पैमाने पर कारोबार होता है। यह प्रतिष्ठान मुख्य रूप से नेपाल एक्सपोर्ट का कार्य भी करता है।

​दस्तावेजों और स्टॉक की गहन पड़ताल
​छापेमारी के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान में प्रवेश करते ही सभी खरीद-बिक्री के दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया। देर रात तक अधिकारी स्टॉक का भौतिक सत्यापन और कागजी रिकॉर्ड से उनका मिलान करने में जुटे रहे।

​जांच टीम में शामिल मुख्य अधिकारी:
​अन्वेषण ब्यूरो: अमरेश कुमार (राज्य कर उपायुक्त), विकास कुमार सिंह (राज्य कर उपायुक्त), और पवन कुमार साह (सहायक आयुक्त) शामिल हैं,जबकि,​वाणिज्य कर विभाग (रक्सौल अंचल): मनोज कुमार सिंह (राज्य कर उपायुक्त), स्मिता शर्मा (राज्य कर उपायुक्त), और अश्विनी कुमार (सहायक आयुक्त) अधिकारी शामिल रहे।

​बाजार में हड़कंप, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

​शुक्रवार की देर शाम हुई इस अचानक कार्रवाई से आश्रम रोड सहित रक्सौल के व्यापारिक गलियारों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि जांच में कोई व्यवधान न आए। कर चोरी (Tax Evasion) के संदेह में शुरू हुई यह जांच खबर लिखे जाने तक जारी थी।
क्या कहा ​अधिकारियों ने
:
वाणिज्य कर विभाग के राज्य कर संयुक्त आयुक्त प्रमोद चौधरी ने बताया कि फिलहाल टीम दस्तावेजों को खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स विसंगति या किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता का खुलासा किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!