
बीरगंज।(Vor desk)। बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ की 50वीं वार्षिक साधारण सभा में नेपाल राष्ट्र बैंक के गवर्नर डॉ. बिश्वनाथ पौडेल ने अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए महत्वपूर्ण नीतिगत घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र बैंक एक ऐसे अनुकूल वातावरण के निर्माण की तैयारी कर रहा है, जिससे नेपाली आईटी कंपनियां विदेशी बाजारों में निवेश कर सकें।
गवर्नर पौडेल ने विशेष रूप से विदेश में कार्यरत नेपाली नागरिकों की आय को लेकर नई योजना साझा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह पड़ोसी देशों ने प्रवासियों के निवेश के लिए विशेष नीतियां बनाई हैं, उसी तर्ज पर नेपाल में भी ऐसी व्यवस्था लाई जा रही है ताकि प्रवासी अपनी मेहनत की कमाई को देश में सुरक्षित निवेश कर सकें। उन्होंने निजी क्षेत्र को देश के आर्थिक विकास की धुरी बताते हुए कहा कि उद्योगपतियों और व्यापारियों के विकास के बिना समृद्धि संभव नहीं है। राष्ट्र बैंक उनकी जायज समस्याओं को हल करने और नियमों में आवश्यक बदलाव के लिए सदैव तत्पर है।
संघ के अध्यक्ष हरि गौतम की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में महासचिव शिवाजी प्रसाद साह ने पिछले एक वर्ष की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट पेश की। कोषाध्यक्ष अनोज रुगंटा ने वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि एसोसिएशन ने वित्तीय वर्ष 2081/082 में एक करोड़ चौबीस लाख रुपये की संरक्षित राशि अर्जित की है।
समारोह में रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया, जिनमें महासचिव शम्भु प्रसाद चौरसिया, उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद, सचिव राज कुमार गुप्ता, सहसचिव गिरधारी लाल श्रीवास्तव और अंकेक्षक मोहम्मद निजामुद्दीन शामिल थे। इन सभी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए गौतम स्कूल की फाउंडर उर्मिला लामा को सम्मानित किया गया। सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रिलीफ सोसाइटी ऑफ कॉमर्स बीरगंज, महिला उद्यमी ज्योति श्रेष्ठ और नेहा अग्रवाल के अलावा पत्रकार अंशु सर्राफ को भी प्रमाण पत्र और दोशाला देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संघ के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल, सुबोध गुप्ता, प्रदीप केडिया, अशोक वैद्य, गोपाल केडिया, ओम प्रकाश सिकरिया और विजय कुमार सरावगी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उद्योगपति एवं व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ उपाध्यक्ष माधव राजपाल ने धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया।
