
रक्सौल।(Vor desk)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 47वीं वाहिनी के रक्सौल मुख्यालय प्रांगण में गुरुवार को सामुदायिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। वाहिनी के कमांडेंट संजय पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त बनाना है। साथ ही खेल भावना का विकास कर युवाओं को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रखने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।

इस प्रतियोगिता में वाहिनी के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली झुमका वॉलीबॉल टीम (ग्राम-सिकटा) और महादेवा/गम्हरिया की टीम ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद झुमका वॉलीबॉल टीम (ग्राम-सिकटा) ने 4-0 से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के समापन पर कमांडेंट संजय पाण्डेय ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की और दोनों टीमों को खेल सामग्री के रूप में वॉलीबॉल एवं वॉलीबॉल नेट भेंट किए। इस दौरान सभी खिलाड़ियों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के प्रतीक चिन्ह वाली टी-शर्ट भी दी गई, ताकि युवा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैला सकें और खुद भी इसके खिलाफ आवाज उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान द्वितीय कमान संजय रावत, उप कमांडेंट दीपक कृष्ण एवं आगले प्रियदर्शन अरुण, सहायक कमांडेंट रजत मिश्रा और अविनाश पटेल के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और बल के जवान मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इसी सामुदायिक कल्याण कार्यक्रम के तहत वाहिनी ने वाइब्रेंट विलेज घोषित किए गए ग्राम-भरतमाहि और ग्राम-हरिपुर के युवाओं के बीच भी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया और उन गांवों को भी खेल उपकरण उपलब्ध कराए, ताकि सीमावर्ती गांवों में खेल संस्कृति को मजबूती मिल सके।
