
रामगढ़वा (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। रामगढ़वा थाना क्षेत्र स्थित चिरान मिल के निकट एनएच-28 के किनारे एक गहरे गड्ढे से गुरुवार सुबह एक युवक का शव और उसकी मोटरसाइकिल (नंबर BR05AW7511) बरामद की गई। मृतक की पहचान रक्सौल के लक्ष्मीपुर गांव निवासी भोला महतो के पुत्र चुनदेव महतो (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो होलिका दहन के दिन यानी 2 मार्च से लापता थे।
दूसरी बाइक के गिरने से सामने आई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक मामला तब प्रकाश में आया जब गुरुवार सुबह करीब 5 बजे मोतिहारी के रघुनाथपुर निवासी राजकुमार साह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से मोतिहारी जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एनएच-28 के किनारे स्थित उसी गहरे गड्ढे में जा गिरी। गनीमत रही कि राजकुमार साह और उनकी पत्नी सुरक्षित बच गए। जब उन्होंने अपनी बाइक को गड्ढे से बाहर निकलवाने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई, तो खुदाई के दौरान वहां पहले से गिरी हुई एक अन्य मोटरसाइकिल और एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
परिजनों ने की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़वा थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। बरामद मोटरसाइकिल के नंबर की जांच के आधार पर शव की शिनाख्त चुनदेव महतो के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि चुनदेव 2 मार्च (होलिका दहन) की रात से ही लापता थे और वे लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
पुलिस कर रही है गहन जांच
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच-पड़ताल कर रही है कि आखिर युवक गड्ढे में कैसे गिरा और यह हादसा कब हुआ।
