
रक्सौल।(Vor desk)।
सीमावर्ती शहर रक्सौल में आगामी 11 मार्च को एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया रक्सौल की धरती पर पहुंच रहे हैं। उनके इस आगमन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। जानकारी के अनुसार, डॉ. तोगड़िया 11 मार्च की शाम 5 बजे रक्सौल स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इस आयोजन के माध्यम से वे सनातन हिंदू समाज को संबोधित करेंगे और राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे बजरंग दल सहित अन्य हिंदूवावादी संगठनों ने इस अवसर पर सनातन धर्मावलंबियों से भारी संख्या में भाग लेने का विशेष आह्वान किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने संदेश जारी कर समाज के हर वर्ग से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह आयोजन न केवल हिंदू समाज की एकजुटता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि समाज में जागरूकता लाने का एक सशक्त माध्यम भी सिद्ध होगा।
इस गरिमामय कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए सीमा जागरण मंच के स्टेट कॉर्डिनेटर महेश अग्रवाल ने बताया कि डॉ. प्रवीण तोगड़िया का दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके आगमन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रवाद और सीमा सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर गहन चिंतन और विमर्श करना है। रक्सौल जैसे संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्र के लिए सुरक्षा के मुद्दे हमेशा प्राथमिकता पर रहते हैं, ऐसे में डॉ. तोगड़िया का मार्गदर्शन स्थानीय निवासियों और कार्यकर्ताओं के लिए दिशा-निर्देश का कार्य करेगा।
आर्य समाज मंदिर परिसर में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि डॉ. तोगड़िया के विचार न केवल युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करेंगे, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को समझने और उनका मुकाबला करने की दृष्टि भी प्रदान करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के लोग घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं और लोगों को इस विचार-मंथन सत्र का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
