Monday, March 9

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जन सुराज ने भरी हुंकार: महिला शक्ति को किया नमन, पूर्णिमा भारती ने कहा- ‘आधी आबादी’ ही समाज की मुख्य धुरी

मोतिहारी/रक्सौल।(Vor desk)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च, 2026 को जन सुराज पार्टी के सौजन्य से मोतिहारी में महिला सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला महिला अध्यक्ष पूर्णिमा भारती की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला महिला अध्यक्ष पूर्णिमा भारती ने कहा कि आज का दिन केवल महिलाओं के सम्मान का नहीं, बल्कि उनके अधिकारों और संकल्पों को दोहराने का है। उन्होंने कहा कि “बिना आधी आबादी की सक्रिय सहभागिता के किसी भी समाज या देश का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी योग्यता का लोहा मनवा रही हैं, लेकिन अभी भी हमें समानता के लिए अपनी आवाज को और अधिक मुखर करना होगा।” उन्होंने पार्टी की सभी महिला पदाधिकारियों और उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से अन्य महिलाओं को भी सशक्त बनाने का कार्य करें।

​इस अवसर पर जन सुराज पार्टी की कई प्रमुख महिला पदाधिकारी और प्रबुद्ध महिलाएं शामिल रहीं, जिनमें कुसुम देवी, कौशल्या देवी, सुधा वर्मा, मोनिका शर्मा, रानी पाठक, सलोनी कुमारी और महिला शक्ति से बीना विश्वकर्मा प्रमुख थीं। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए मिसेज इंडिया खुशबू कुमारी, संत जॉर्ज हाई स्कूल की डायरेक्टर डॉ. ज्योति झा, डॉ. अतुल कुमार की पत्नी तथा बी.ए. +2 की प्राचार्य रजनी जी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नारी सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए।

​कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि महिलाओं को केवल सीमित दायरे में नहीं, बल्कि नीति-निर्धारण और सामाजिक बदलाव की मुख्य धारा में अग्रणी भूमिका निभानी होगी। जन सुराज पार्टी के मंच से दिया गया यह संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प बन गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के आत्मविश्वास और उनके बढ़ते कद की सराहना की गई। अंत में सभी ने एकजुट होकर समाज को और अधिक महिला-हितैषी बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!