Monday, March 9

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: रक्सौल में एसएसबी और एलपीएआई ने महिलाओं को किया जागरूक, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर हुआ विशेष व्याख्यान

रक्सौल।(Vor desk)।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार, 8 मार्च 2026 को 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और एलपीएआई (LPAI) रक्सौल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एलपीएआई परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और उनके सर्वांगीण सशक्तिकरण के प्रति उन्हें प्रेरित करना था।

​समारोह में बतौर मुख्य अतिथि एस.आर.पी. अस्पताल रक्सौल की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीता उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल प्रबुद्ध महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी योग्यता सिद्ध कर रही है, बस आवश्यकता है आत्मविश्वास और निरंतर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने की।

इस अवसर पर 47वीं वाहिनी की संदीक्षा सचिव श्रीमती सपना त्रिपाठी, चेस्टा एनजीओ की सिस्टर ग्रेसी, कस्टम विभाग की श्रीमती मधु प्रसाद, प्रयास एनजीओ की श्रीमती आरती कुमारी और एलपीएआई रक्सौल की मिस सुरभि सिंह ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि शिक्षित और जागरूक महिला ही सशक्त समाज की आधारशिला है।

​इस कार्यक्रम में एसएसबी की संदीक्षा सदस्याएं, महिला बलकार्मिकों के साथ-साथ एलपीएआई, कस्टम विभाग, प्रयास एनजीओ और चेस्टा एनजीओ की महिला प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सीमा पार की मैत्री को दर्शाते हुए नेपाल की एपीएफ (APF) महिला बलकार्मिकों ने भी कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को महिला दिवस की बधाई देते हुए समाज के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!