Saturday, March 7

बिहार नगरपालिका चुनाव 2026: राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किया कार्यक्रम, रक्सौल में होगा मुख्य पार्षद का उप-चुनाव

​रक्सौल/पटना।(Vor desk)। राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार ने प्रदेश की विभिन्न नगरपालिकाओं में आम चुनाव और रिक्त पदों पर उप-चुनाव कराने की तैयारी तेज कर दी है। आयोग ने 06 मार्च 2026 को पत्र जारी कर मतदाता सूची तैयार करने का विस्तृत कार्यक्रम (शिड्यूल) घोषित कर दिया है, जिससे चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है।


​रक्सौल नगर परिषद में मुख्य पार्षद पद के लिए होगा मतदान

​आयोग द्वारा जारी रिक्त पदों की विवरणी के अनुसार, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के अंतर्गत नगर परिषद रक्सौल में मुख्य पार्षद का पद रिक्त है। नगर विकास एवं आवास विभाग के पत्रांक 2301 (दिनांक 05.08.2025) के आलोक में यह पद खाली हुआ है, जिस पर अब उप-चुनाव संपन्न कराया जाएगा। रक्सौल के साथ-साथ जिले की नगर पंचायत मेहसी (वार्ड-2) में भी पार्षद पद के लिए उप-चुनाव होगा।

​मतदाता सूची निर्माण का कार्यक्रम


​आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के लिए मतदाता सूची बिहार विधानसभा की वर्तमान नियमावली के आधार पर तैयार की जाएगी। कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियां निम्न हैं:
​13 मार्च से 21 मार्च 2026: विधानसभा की मतदाता सूची का वार्ड-वार विखंडन।
​15 अप्रैल 2026: मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन।
​15 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026: मतदाता सूची पर दावा या आपत्ति दर्ज करने की अवधि।
​13 मई 2026: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन।

​क्यों हो रहे हैं चुनाव?
​आयोग के अनुसार, 08 नगरपालिकाओं में आम निर्वाचन होने हैं, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में मृत्यु, त्याग पत्र या आयोग द्वारा पदच्युत (हटाए जाने) किए जाने के कारण पद रिक्त हुए हैं। रक्सौल में मुख्य पार्षद का चुनाव पूरे क्षेत्र के मतदाताओं द्वारा किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।
​संयुक्त निर्वाचन आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि 12 मार्च 2026 तक यदि कोई अन्य पद रिक्त होता है, तो उसे भी इस प्रक्रिया में शामिल कर सूचना आयोग को दी जाए।

बता दे कि रक्सौल नगर परिषद की मुख्य पार्षद धुरपति देवी राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश और नगर विकास विभाग,जिला प्रशासन की जांच के बाद भ्रष्टाचार,पद के दुरुपयोग सहित कई आरोपों के कारण पदमुक्त कर दी गई थी,जिसके बाद से यह पद रिक्त है ।कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी कार्य देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!