
वीरगंज/रक्सौल।(Vor desk)।
नेपाल प्रतिनिधि सभा निर्वाचन 2026 के शुरुआती नतीजों और रुझानों ने देश की राजनीतिक दिशा बदलने के स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। स्थापित राजनीतिक दलों—नेपाली कांग्रेस, नेकपा एमाले और माओवादी केंद्र—के पारंपरिक ‘गढ़’ इस बार राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) की प्रचंड लहर में ढहते नजर आ रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, रास्वपा 109 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और 4 सीटों पर आधिकारिक जीत दर्ज कर चुकी है.
’बैलेट विद्रोह’ से पलटा पासा
राजनीतिक विश्लेषकों ने इस चुनावी रुझान को जनता का ‘बैलेट विद्रोह’ करार दिया है. भ्रष्टाचार, राजनीतिक अस्थिरता और सुशासन की कमी से उपजी निराशा ने मतदाताओं को पारंपरिक दलों से विमुख कर रास्वपा की ओर मोड़ दिया है. काठमांडू के मेयर बालेन शाह के प्रभाव और रास्वपा की बढ़ती लोकप्रियता ने इस बार मधेस से लेकर पहाड़ों तक नए समीकरण लिख दिए हैं.
संकट में दिग्गज: कई बड़े चेहरे पीछे
प्रारंभिक मतगणना में कई ‘हैवीवेट’ नेताओं की स्थिति नाजुक बनी हुई है:
केपी शर्मा ओली (एमाले): झापा-5 में रास्वपा के बालेन्द्र शाह से कड़ी टक्कर मिल रही है.
विष्णु पौडेल (एमाले): रूपन्देही-2 में रास्वपा के सुलभ खरेल से पीछे चल रहे हैं.
गगन थापा (कांग्रेस): सर्लाही-4 में जीत के लिए संघर्षपूर्ण मुकाबला जारी है,रास्वपा के अमरेश सिंह काफी आगे हैं.
शेखर कोइराला और ईश्वर पोखरेल जैसे दिग्गज भी अपनी सीटों पर पिछड़ते नजर आ रहे हैं.
हालाँकि, माओवादी संयोजक पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचण्ड’ रुकुम पूर्व से अपनी सीट जीतने में सफल रहे हैं.
परसा और बारा: पूर्व मंत्रियों पर भारी पड़े नए चेहरे
मधेस प्रदेश के इन दो जिलों की ‘हॉट सीटों’ पर रास्वपा ने भारी बढ़त बनाकर सबको चौंका दिया है।
परसा जिला: दिग्गज चित
परसा के चारों क्षेत्रों में पूर्व मंत्रियों प्रदीप यादव, अजय चौरसिया, रमेश रिजाल और सुरेंद्र चौधरी की प्रतिष्ठा दांव पर है, लेकिन वे फिलहाल रास्वपा उम्मीदवारों से काफी पीछे हैं.
क्षेत्र 1: रास्वपा के हरि पन्त (8043मत) कांग्रेस के अनिल रुङ्टा और एमाले के प्रदीप यादव से आगे हैं.
क्षेत्र 2: रास्वपा के सुशील कुमार कानु (10302मत) ने एमाले और कांग्रेस उम्मीदवारों पर बड़ी बढ़त बनाई है.
क्षेत्र 3: रास्वपा के रामाकान्त चौरसिया (6032 मत) शीर्ष पर हैं.
क्षेत्र 4: रास्वपा के टेक बहादुर शाक्य (4806 मत) कांग्रेस के रमेश रिजाल से आगे चल रहे हैं.
बारा जिला: रास्वपा का क्लीन स्वीप की ओर कदम
बारा में लगभग 70% मतदान हुआ था, जहाँ रास्वपा ने व्यापक बढ़त बनाई है:
क्षेत्र 1: गणेश धिमाल 11041, मतों के साथ कांग्रेस प्रत्याशी से लगभग तीन गुना आगे हैं.
क्षेत्र 2 चंदन सिंह 3822मत ले कर आगे चल रहे हैं ।
क्षेत्र 3: अरविन्द साह ने 22495 मत प्राप्त कर विशाल अंतर पैदा कर दिया है.
क्षेत्र 4: रहबर अन्सारी 21525 मतों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं.
दलों की वर्तमान स्थिति (लाइव रुझान/जीत)
राजनीतिक दल बढ़त (Leading) जीत (Won)
राष्ट्रिय स्वतन्त्र पार्टी (रास्वपा) 109/ 4
नेपाली कांग्रेस 12 /3
नेकपा एमाले 11 –
नेकपा (माओवादी) 7 /1
श्रम संस्कृति पार्टी 6 –
अन्य (राप्रपा/स्वतंत्र/प्रलोपा) 3
आगे की राह: चुनौतियों भरा नया सफर
राजनीतिक विश्लेषक चंद्र किशोर के अनुसार, यदि रास्वपा सरकार बनाने की स्थिति में आती है, तो उनके लिए असली परीक्षा पुराने दलों के साथ समन्वय बनाना होगा, क्योंकि राष्ट्रिय सभा (उच्च सदन) में उनका प्रतिनिधित्व अभी शून्य है.
सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा है, और हर घंटे आते परिणाम नेपाल की नई राजनीतिक तस्वीर साफ कर रहे हैं.
