Saturday, March 7

रक्सौल के लाल ने बढ़ाया मान: मनु कुमार का इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर

रक्सौल।(Vor desk)।रक्सौल नगर परिषद क्षेत्र के नागा रोड (वार्ड संख्या-11) निवासी रामाशंकर प्रसाद कानू एवं रेणु देवी के ज्येष्ठ पुत्र मनु कुमार ने अपनी मेहनत और मेधा के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। मनु कुमार का चयन भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन खुफिया विभाग (Intelligence Bureau) में असिस्टेंट सेंट्रल इंटेलिजेंस ऑफिसर (ACIO/Executive) (ED)के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में उत्सव का माहौल है, बल्कि रक्सौल का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।

अथक प्रयास और शैक्षणिक सफर

वर्ष 2024 की प्रतिष्ठित आईबी (IB) परीक्षा के फाइनल परिणाम में मनु कुमार (रोल नंबर–209519302984) ने सफलता का परचम लहराया है। उनकी सफलता की नींव उनके रक्सौल स्थित प्रारंभिक वर्षों में ही पड़ गई थी। उन्होंने दसवीं और बारहवीं की शिक्षा कानपुर के जी.एस.ई. कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने प्रतिष्ठित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी का रुख किया। वर्तमान में वे विद्युत विभाग, मुख्यालय पटना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उच्च लक्ष्य के प्रति उनका समर्पण उन्हें आईबी की इस बड़ी कामयाबी तक ले आया।

युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

मनु कुमार की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं के लिए सफलता का नया मानक स्थापित किया है। भारत विकास परिषद, रक्सौल शाखा के विनोद कुमार (नारियल गद्दी) और रजनीश प्रियदर्शी ने संयुक्त रूप से कहा, “मनु की सफलता यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी कठिन लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। वह आज के युवाओं के लिए एक सच्चे प्रेरणास्रोत हैं।”

बधाई देने वालों का लगा तांता

मनु की कामयाबी की खबर मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया है। उनके माता-पिता, भाई-बहनों और पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने भी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से अशोक कुमार, प्रो. गणेश नारायण सिंह, पूर्व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि, धर्मनाथ प्रसाद, प्रो. अनिल कुमार और दिनेश प्रसाद सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!