
वीरगंज।(Vor desk)। नेपाल में होने वाले आम चुनाव की पूर्व संध्या पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए नेपाली सेना ने वीरगंज में एक बड़ा ‘सर्च ऑपरेशन’ चलाया है। बुधवार तड़के करीब दो बजे वीरगंज महानगरपालिका वार्ड नंबर-16 के इनर्वा क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान सेना ने तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है।
धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने की बड़ी साजिश नाकाम
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वीरगंज-16 निवासी कृष्ण यादव, रोहित पटेल और अवजित यादव के रूप में हुई है। सेना के अनुसार, ये तीनों चुनाव के दौरान धार्मिक द्वन्द्व और साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की योजना बना रहे थे। इनके पास से बरामद सामग्रियों ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।
बरामदगी की सूची:
इन युवकों के पास से 09 सुतली बम (विस्फोटक),01 सुअर का कटा हुआ सिर (धार्मिक उन्माद फैलाने हेतु),05 सफेद रंग के तार,02 मोबाइल फोन, पावर बैंक और चार्जर बरामद हुए हैं।
सेना की मुस्तैदी से टली अनहोनी
श्रीजंग गण के उप-सेनानी (लेफ्टिनेंट) विकास मरहठ्ठा ने बताया कि इनर्वा क्षेत्र में विशेष सूचना के आधार पर यह सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। उन्होंने जानकारी दी कि पकड़े गए आरोपियों के पास से बरामद सुअर का सिर स्पष्ट रूप से धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने और अराजकता फैलाने के उद्देश्य से रखा गया था।
उप-सेनानी मरहठ्ठा ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि निर्वाचन के समय किसी भी प्रकार की साम्प्रदायिक या अराजक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सेना पूरी तरह सतर्क है और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है।
