Saturday, March 7

वीरगंज में शांति की बहाली: हटा लिया गया अनिश्चितकालीन कर्फ्यू, निषेधाज्ञा जारी,सड़कों पर सामान्य हो रहे हालात

वीरगंज (पर्सा) ।(Vor desk)। नेपाल के प्रमुख व्यापारिक शहर वीरगंज में पिछले 24 घंटों से जारी सांप्रदायिक तनाव अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। सोमवार शाम जिला प्रशासन कार्यालय, पर्सा में आयोजित एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक के बाद प्रशासन ने शाम4.30 बजे से कर्फ्यू हटाने का निर्णय लिया है। कर्फ्यू हटने के साथ ही शहर की जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है।हालाकि मंगलवार सुबह तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी।जुलूस,सभा,प्रदर्शन आदि पर प्रतिबंध रहेगा।

मामूली विवाद ने लिया था हिंसक रूप

​पर्सा के मुख्य जिला अधिकारी (CDO) भोला दहाल के अनुसार, रविवार शाम को युवाओं के बीच एक व्यक्तिगत मामले में सामान्य कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते इस विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और एक ही गांव में रहने वाले दो अलग-अलग समुदायों के बीच तनाव पैदा हो गया।झड़प और पथराव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस और नेपाली सेना को मोर्चा संभालना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज भी किया, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं।

सेना की बख्तरबंद गाड़ियों ने किया फ्लैग मार्च

​सोमवार सुबह स्थिति पुनः बेकाबू होने की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में कर्फ्यू लागू कर दिया था। सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए वीरगंज स्थित श्री श्री जंगगन नेपाली सेना की बख्तरबंद गाड़ियाँ और पैदल गश्ती दल सड़कों पर उतारा गया। सुरक्षा बलों की सक्रियता और प्रशासन की सूझबूझ से बड़ी हिंसा को टलने में मदद मिली।

दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: सर्वदलीय बैठक का निर्णय

​शाम को आयोजित सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दलों और धार्मिक गुरुओं ने शांति की अपील की। मुख्य जिला अधिकारी दहाल ने बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि:

  • दोषियों की पहचान: श्रीपुर में हुई घटना के मुख्य दोषियों को चिन्हित कर कानूनी दायरे में लाया जाएगा।
  • विधिक प्रक्रिया: पीड़ित पक्ष से शिकायत प्राप्त होते ही त्वरित कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
  • नकेल: सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियों और सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार करने वालों को चिन्हित कर दंडित किया जाएगा।

बॉर्डर पर भी बढ़ी चहल-पहल

​कर्फ्यू हटने के साथ ही वीरगंज के बाज़ारों में रौनक लौटने लगी है। भारत-नेपाल सीमा (रक्सौल-वीरगंज) पर भी अब आवाजाही सामान्य होने की उम्मीद है। परसा जिला के पुलिस उपाधीक्षक हरि बहादुर बसनेत ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है, हालांकि एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!