
रक्सौल।(Vor desk)।
मानवता की सेवा और भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए शनिवार को सीमा स्थित मैत्री पुल (कस्टम हाउस) पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। लायंस क्लब ऑफ रक्सौल एवं लायंस क्लब ऑफ बीरगंज क्यूरेटिव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में दोनों देशों के अधिकारियों और एसएसबी जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बेटी-रोटी के बाद अब ‘रक्त का रिश्ता’
शिविर को संबोधित करते हुए बीरगंज के मेयर राजेश मान सिंह ने इसे एक ऐतिहासिक पहल बताया। रक्सौल एसडीएम मनीष कुमार ने आयोजकों को सलाम करते हुए कहा कि रक्तदान से कीमती जान बचाई जा सकती है, अतः हर स्वस्थ व्यक्ति को 6 माह पर रक्तदान करना चाहिए। एसडीपीओ मनीष आनंद, बीरगंज के सीडीओ भोला दहाल और सशस्त्र पुलिस अधीक्षक मोहन क्षेत्री ने इस प्रयास को आपसी संबंधों की मजबूती के लिए अनुकरणीय बताया। लायंस क्लब के अध्यक्ष बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि सदियों पुराने “बेटी-रोटी” के संबंध में अब “रक्त का रिश्ता” भी जुड़ गया है।
इनकी रही सक्रिय सहभागिता
शिविर को सफल बनाने में ग्रीन सिटी के जयप्रकाश खेतान, डॉ. नीरज सिंह, लायन संजय खेतान, सचिव मोहम्मद निजामुद्दीन, आरपी खेतान, रमेश अग्रवाल, और डीएन अग्रवाल की अहम भूमिका रही। मौके पर अवर निबंधक आशीष अग्रवाल, अमित कुमार, गणेश धानोठिया, शम्भू प्रसाद चौरसिया, पार्वती तिवारी, सुष्मिता यादव, नारायण रूंगटा, पंकज बर्णवाल और प्रभात आनंद सिंह सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे। आयोजकों ने युवाओं और मीडिया के प्रति इस मानवीय अभियान को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
