
रक्सौल।(Vor desk)। एक तरफ जहां सरकार पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के लिए करोड़ों खर्च कर रही है, वहीं रक्सौल में भू-माफिया और कतिपय लोग हरे-भरे पेड़ों पर आरा चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला रक्सौल रेलवे रोड स्थित IOC गेट के पास का है, जहाँ रेलवे की जमीन पर स्थित एक विशाल और वर्षों पुराने पीपल के पेड़ को अवैध रूप से काटा जा रहा है।
बिना अनुमति लाखों की संपत्ति का नुकसान
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, यह पीपल का पेड़ काफी प्राचीन है और इसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। नियमानुसार, किसी भी हरे पेड़ को काटने के लिए वन विभाग और संबंधित विभाग (रेलवे) की लिखित अनुमति अनिवार्य है। लेकिन यहाँ नियमों को ताक पर रखकर सरेआम पेड़ की कटाई की जा रही है, जिससे न केवल पर्यावरण को क्षति पहुँच रही है बल्कि रेलवे को भी भारी राजस्व की हानि हो रही है।
DRM और प्रशासन से शिकायत
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जागरूक नागरिकों ने मंडल रेल प्रबंधक (DRM), समस्तीपुर और रक्सौल स्थानीय प्रशासन,नगर परिषद को आवेदन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि बिना प्रशासनिक अनुमति के हो रही यह कटाई पूरी तरह अवैध है।स्थानीय वार्ड पार्षद घनश्याम प्रसाद भी इस पर गम्भीर हैं।
कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने मांग की है कि:
- पेड़ की कटाई को तुरंत रोका जाए।
- मौके की जांच कर दोषियों पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज हो।
- रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जे या संपत्ति चोरी के मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि रेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस इस बेशकीमती पेड़ को बचाने के लिए कितनी तत्परता दिखाती है।
