Saturday, March 7

रक्सौल: बैंक रोड निर्माण में भारी धांधली, कार्यवाहक सभापति ने रुकवाया काम​- घटिया सामग्री (सफेद गिट्टी) के इस्तेमाल पर भड़कीं पुष्पा देवी, जेई से जवाब-तलब!

25 साल बाद बन रही सड़क की कछुआ चाल से व्यापारियों में गहरा आक्रोश
​रक्सौल ।(Vor desk)। शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले बैंक रोड (वार्ड 6 और 12) के निर्माण में बरती जा रही घोर लापरवाही और लेटलतीफी अब जन-आक्रोश का रूप ले चुकी है। मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत बन रही इस सड़क का औचक निरीक्षण करने पहुँचीं नगर परिषद की कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने निर्माण की गुणवत्ता देख गहरी नाराजगी जताई और तत्काल कार्य रोकने का निर्देश दिया।

​सफेद गिट्टी का खेल: सभापति का सख्त एक्शन
​बुधवार शाम पटेल पथ से आदर्श चौक के बीच हो रहे निर्माण की जांच के दौरान सभापति ने पाया कि मानक के विरुद्ध सफेद गिट्टी का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है।इस सफेद गिट्टी का भंडारण दुकानों के सामने ही कर दी गई थी। उन्होंने मौके पर ही कार्य रुकवाते हुए संवेदक को फटकार लगाई। सभापति पति सह भाजपा नेता राकेश कुशवाहा ने सड़क पर गिरी सफेद गिट्टी को अविलंब हटाने का निर्देश दिया।
​जब इस बाबत कनीय अभियंता (JE) राज कुमार से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहा कि संवेदक द्वारा विभाग के निर्देशों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

​प्रमुख अनियमितताएं और व्यापारियों की शिकायतें

​सड़क निर्माण में नियमों की अनदेखी को लेकर स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं:
​बिना बोर्ड के निर्माण: नियमतः कार्यस्थल पर योजना का सूचना बोर्ड होना अनिवार्य है, लेकिन 11 अगस्त 2025 को काम शुरू होने के बावजूद अब तक कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है।जबकि,यह सड़क 25वर्ष बाद निर्माण हो रहा है ।

​बिना GSB ढलाई की तैयारी:

व्यापारियों का आरोप है कि ₹68.85 लाख की लागत से बन रही 1230 फीट लंबी सड़क में बिना अच्छे से खुदाई और GSB (ग्रेन्यूलर सब बेस) तैयार किए ही ढलाई की कोशिश की जा रही है।सड़क बुडको के द्वारा बनाई जा रही है।कार्यों में नियमों की खूब अनदेखी हो रही है।साइट पर विभाग के अभियन्ता भी मौजूद नहीं रहते।

​व्यवसाय ठप,चलने में भी दिक्कत,हो रही दुर्घटना

: आदर्श चौक के व्यवसायी मुकेश कुमार, ई. अनिल कुमार और मोहम्मद आसिफ ने बताया कि सड़क खोदकर महीनों से छोड़ दी गई है। दीपावली और छठ का सीजन पहले ही बर्बाद हो चुका है, अब होली और शादी-विवाह के बाजार पर भी संकट मंडरा रहा है।अब दुकानों के सामने निर्माण सामग्री गिरा कर छोड़ दिया गया है।लोगों को चलने में भी दिक्कत हो रही है।रोज दुर्घटनाएं हो रही है।

​नाले के निर्माण में भी धांधली का आरोप

​वार्ड 6 के पार्षद घनश्याम प्रसाद ने नाला निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने नगर परिषद में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उतरी ओर नगर परिषद द्वारा विभागीय स्तर पर बन रहे नए नाले की चौड़ाई और गहराई पुराने नाले की तुलना में कम कर दी गई है। घटिया निर्माण के कारण नाला बनने के साथ ही टूटने लगा है।

​”मानकों से कोई समझौता नहीं होगा” >

“सड़क और नाला निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि संवेदक अपनी कार्यप्रणाली नहीं सुधारते हैं, तो उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता के पैसे का दुरुपयोग किसी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।लापरवाही के खिलाफ बुडको को लिखा जाएगा।”
— पुष्पा देवी, कार्यवाहक सभापति, नगर परिषद रक्सौल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!