Saturday, March 7

नेपाल चुनाव को लेकर सीमा पर बढ़ी चौकसी, DIG और DM ने किया मैत्री पुल का निरीक्षण

​सरिसवा नदी के प्रदूषण पर जताई चिंता, सौंदर्यीकरण और लाइटिंग के लिए कार्यपालक पदाधिकारी को दिए निर्देश
​रक्सौल ।(Vor desk)।(कार्यालय संवाददाता)।नेपाल में आगामी आम चुनाव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।इस बीच मंगलवार को बेतिया रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) हरिकिशोर राय, पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।साथ ही डिजिटल मोड में सुरक्षा निगरानी प्रबंध का अवलोकन किया,ताकि,हरेक संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर पल पल नजर रखी जाए।

​सुरक्षा और चुनौतियों पर उच्चस्तरीय समीक्षा

​अधिकारियों ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों, तस्करी और वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों पर गहन चर्चा हुई।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान सीमा पर परिंदा भी पर न मार सके, इसके लिए SSB और पुलिस को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

​मैत्री पुल का भ्रमण और सरिसवा का मुद्दा

​बैठक के बाद अधिकारियों का दल मैत्री पुल पहुंचा। वहां एसएसबी की 47वीं बटालियन और कस्टम विभाग की कार्यप्रणाली को देखा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नेपाल से आ रहे सरिसवा नदी के दूषित और जहरीले पानी पर गहरी चिंता व्यक्त की।
​अधिकारियों ने कहा कि आगामी भारत-नेपाल कॉर्डिनेशन बैठक में नदी प्रदूषण के इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा।

​नगर प्रशासन को मिले कड़े निर्देश


​दौरे के क्रम में डीएम सौरभ जोरवाल ने रक्सौल के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार को निर्देश दिया कि अंतरराष्ट्रीय गरिमा को देखते हुए मैत्री पुल की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और लाइटिंग का कार्य अविलंब पूरा किया जाए।

​मुख्यालय और नाकों का निरीक्षण


​वरिष्ठ अधिकारियों ने एसएसबी के धूपवा टोला स्थित मुख्यालय और सिवान टोला स्थित नाका का भी औचक निरीक्षण किया। सुरक्षा कर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का टास्क सौंपा गया है। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!