
रक्सौल।(Vor desk)।भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण (LPAI) एवं सशस्त्र सीमा बल (SSB) के संयुक्त तत्वावधान में रक्सौल स्थित लैंड पोर्ट (ICP) के प्रांगण में दो दिवसीय “भू-सीमाओं पर मानव तस्करी निरोधक प्रशिक्षण कार्यक्रम” का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को मानव तस्करी की पहचान, उसकी रोकथाम और पीड़ितों के पुनर्वास के लिए तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है।

संस्थागत समन्वय और सतर्कता पर जोर
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए आईसीसी अध्यक्ष एवं सदस्य (वित्त) डॉ. रेखा बैकर कुमार ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर मानवीय समस्या है, जिससे निपटने के लिए संवेदनशीलता और संस्थागत समन्वय अनिवार्य है। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित 47वीं बटालियन SSB के कमांडेंट संजय पांडेय ने सीमाई चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी सुरक्षा और नागरिक एजेंसियों के बीच मजबूत तालमेल ही इस अपराध पर लगाम लगा सकता है।
कानूनी प्रावधानों और चुनौतियों पर मंथन
प्रथम तकनीकी सत्र में पटना उच्च न्यायालय की वरिष्ठ अधिवक्ता संजू सिंह ने प्रतिभागियों को मानव तस्करी की विधिक परिभाषा, इसके विभिन्न प्रकार और भारत में मौजूदा सांख्यिकीय प्रवृत्तियों से अवगत कराया। उन्होंने कानूनी ढांचे और नीतिगत विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। वहीं, दोपहर के सत्र में दिग्विजय कुमार ने पीड़ितों के बचाव की प्रक्रिया, उनके पुनर्वास और समाज में पुनर्समावेशन के दौरान आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में पुलिस, न्यायपालिका, एनजीओ और शिक्षकों की सामूहिक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
लघु नाटिका से दिया व्यवहारिक प्रशिक्षण
कार्यशाला के दौरान SSB की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और एनजीओ के सहयोग से एक प्रभावशाली लघु नाटिका का मंचन किया गया। इसके माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों में तस्करी के संकेतों को पहचानने और त्वरित कार्रवाई करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम का स्वागत लैंड पोर्ट प्रबंधक श्री राजीव रंजन ने किया। मौके पर उप प्रबंधक रमन कुमार झा और SSB के उप कमांडेंट नवीन कुमार साह उपस्थित रहे। मंच संचालन कोमल कुमारी ने किया, जबकि व्यवस्था की कमान सुरभि सिंह, अख्तर सैफी और श्याम कुमार ने संभाली।
इस अवसर पर लायंस क्लब रक्सौल के अध्यक्ष बिमल कुमार सर्राफ, जोन चेयरपर्सन शम्भु प्रसाद चौरसिया, सचिव मो. निजामुद्दीन, रणजीत सिंह, आरती कुमारी और सिस्टर ग्रेस सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रथम दिवस के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिक सतर्क और समन्वित प्रयासों का संकल्प लिया।
