
रामगढ़वा (vor desk)। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध जारी विशेष अभियान में पूर्वी चंपारण की रामगढ़वा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कॉपरेटिव कॉलेज रोड स्थित चिमनी भट्ठा के समीप घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया। इनके पास से 8.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में काफी कीमत आंकी जा रही है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि तस्करों द्वारा चिमनी भट्ठा के रास्ते गांजे की एक बड़ी खेप ले जाई जाने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अविलंब एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआई सुमित कुमार, एसआई प्रिया कुमारी, एसआई परमा यादव और अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।
तय स्थान पर घेराबंदी के दौरान पुलिस की नजर एक TVS अपाची बाइक (BR05BE9682) पर पड़ी, जिस पर दो युवक सवार थे। पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बेला निवासी अब्दुल कादिर (पिता- स्वर्गीय सुलेमान मियां) और रवि रंजन कुमार उर्फ रॉकी (पिता- स्वर्गीय बिक्रमा सिंह) के रूप में हुई है।
तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से प्रतिबंधित गांजा बरामद किया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने पुष्टि की है कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
