
मुख्य सचिव की बैठक में लगी मुहर; 2 मई से प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे मकानों का सूचीकरण।
पटना/रक्सौल ।कार्यालय संवाददाता ।(Vor desk)।बिहार में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण की घोषणा कर दी गई है। राज्य में जनगणना की प्रक्रिया की शुरुआत ऑनलाइन स्व-गणना (Self Enumeration) से होगी, जिसके लिए 18 अप्रैल से 1 मई 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में इस डिजिटल पहल और फील्ड वर्क की तिथियों को अंतिम रूप दिया गया।

30 दिनों तक चलेगा फील्ड वर्क
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के अगले ही दिन यानी 2 मई से 31 मई 2026 तक जनगणना का मैदानी कार्य (फील्ड वर्क) चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण और गणना का कार्य संपन्न करेंगे। कुल 30 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के लिए राज्य सरकार ने व्यापक प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बैठक के मुख्य बिंदु:
- डिजिटल विकल्प: नागरिक अब अपनी सुविधा के अनुसार स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए 15 दिनों की विशेष विंडो दी गई है।
- प्रशिक्षण और तकनीक: जनगणना कार्य निदेशालय ने पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण, वित्तीय व्यवस्था और तकनीकी बुनियादी ढांचे की जानकारी साझा की।
- प्रचार-प्रसार: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को निर्देश दिया गया है कि स्व-गणना के लाभ बताने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
जन गणना में पूछे जाएंगे 33तरह के सवाल

अधिकारियों को सख्त निर्देश:
मुख्य सचिव ने बैठक में उपस्थित राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, शिक्षा, नगर विकास और पंचायती राज विभाग के सचिवों को निर्देश दिया कि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए मानव संसाधन और समन्वय में कोई कमी न रहे। उन्होंने जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित करने का आदेश दिया।
बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र, राज्य समन्वयक श्री सी.के. अनिल, जनगणना निदेशक श्री एम. रामचंद्रु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
