Saturday, March 7

रक्सौल में ‘काली सेना’ का शंखनाद, महिलाओं के सर्वांगीण उत्थान का लिया संकल्प

– प्रसिद्ध काली मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उमड़ी सैकड़ों महिलाओं की भीड़, पार्वती तिवारी बनीं राष्ट्रीय प्रमुख

– काली न्यास के अस्पताल में इलाज पर मिलेगी 50% की छूट, कुटीर उद्योगों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं

रक्सौल ।(Vor desk)।

सीमावर्ती शहर रक्सौल स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर परिसर में शुक्रवार को नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक अभिनव पहल हुई। महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान को समर्पित ‘काली सेना’ नामक संगठन का गठन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर एकजुटता का परिचय दिया। पूरा कार्यक्रम काली मंदिर के पीठाधीश्वर सेवक संजय नाथ के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

महिलाओं के अधिकारों की ढाल बनेगी ‘काली सेना’

​संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सेवक संजय नाथ ने कहा कि काली सेना पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित एक सशक्त मंच है। इसका मुख्य लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सजग करना है। उन्होंने घोषणा की कि यह संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी सहायता सुनिश्चित करने के साथ-साथ लैंगिक भेदभाव और यौन उत्पीड़न जैसी कुरीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगा। समाज सेवा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए उन्होंने ऐलान किया कि काली सेना से जुड़ी महिलाओं को काली न्यास द्वारा संचालित अस्पताल में इलाज पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।

पार्वती तिवारी को मिली राष्ट्रीय कमान

​कार्यक्रम के दौरान सांगठनिक ढाँचे की घोषणा की गई, जिसमें भाजपा महिला मोर्चा (रक्सौल जिला) की महामंत्री पार्वती तिवारी को सर्वसम्मति से ‘काली सेना’ का राष्ट्रीय प्रमुख मनोनीत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “हर महिला के भीतर माँ काली और दुर्गा की शक्ति निहित है। समाज में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को रोकने और उनकी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने के लिए काली सेना एक मंच प्रदान करेगी।” उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं को कमजोर समझने की भूल अब कोई न करे, क्योंकि अब वे संगठित होकर अपने स्वाभिमान की रक्षा स्वयं करेंगी।

आर्थिक स्वावलंबन के लिए कुटीर उद्योगों पर जोर

​राष्ट्रीय प्रमुख ने भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए बताया कि संगठन के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न कुटीर उद्योगों से जोड़ा जाएगा। कौशल विकास के जरिए उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे, ताकि वे आर्थिक रूप से किसी पर निर्भर न रहें। काली सेना का प्राथमिक उद्देश्य महिलाओं को केवल जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना है।

संगठन की नई टीम का हुआ एलान

​संजय नाथ के सानिध्य में संगठन के अन्य महत्वपूर्ण पदों की भी घोषणा की गई, जिसमें सामाजिक विविधता और सक्रियता का विशेष ध्यान रखा गया है।इसके तहत पूर्णिमा देवी को राष्ट्रीय सह प्रमुख,रिंकू देवी को सचिव रामकली देवी को सह सचिव,आसमा खातून को संगठन मंत्री,पूजा देवी को कोषाध्यक्ष,नीलू देवी: पदाधिकारी बनाया गया है।इन्हें दो शाला ओढ़ा कर जिम्मेवारी सौंपी गई।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं ने जयकारों के साथ संगठन के उद्देश्यों का समर्थन किया। आयोजन के दौरान चारों तरफ उत्साह और नई ऊर्जा का माहौल दिखा, जो रक्सौल में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।मौके पर नुरुल्लाह खान,रवि रंजन वर्मा, ई अनिल कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!