Saturday, March 7

रक्सौल:नेपाल से मुजफ्फरपुर जा रही ट्रक के गुप्त तहखाने से 2 करोड़ का गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नेपाल से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी 4.22 क्विंटल की खेप

रक्सौल।(Vor desk)।हरैया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। बाईपास रोड स्थित ओवरब्रिज के समीप एक ट्रक से 4 क्विंटल 22 किलो 196 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो नेपाल का निवासी बताया जा रहा है।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

​अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मनीष आनंद ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि नेपाल के रास्ते गांजे की एक बड़ी खेप भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाली है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी क्रम में टीम ने आईसीपी (ICP) के रास्ते आए एक खाली ट्रक को बाईपास ओवरब्रिज के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा पाया।

तहखाने में छिपाए थे 29 बंडल

​जब पुलिस ने ट्रक की सघन तलाशी ली, तो वाहन के अंदर एक विशेष रूप से निर्मित गुप्त तहखाना मिला। इस तहखाने के भीतर प्लास्टिक में पैक किए गए गांजे के 29 भारी बंडल बरामद हुए। ट्रक को तुरंत जब्त कर लिया गया है। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह इस खेप को नेपाल से मुजफ्फरपुर पहुंचाने की फिराक में था।

ट्रक मालिक और चालक पर प्राथमिकी

​गिरफ्तार चालक की पहचान संजय कुमार शाह (ग्राम नौतन, जिला बारा, नेपाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक मालिक अरविंद यादव (गाजीपुर, उत्तर प्रदेश) के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों की कार्यशैली पर सवाल

​इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ के आईसीपी सीमा पार करने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

  • जांच में चूक: स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि आईसीपी के रास्ते आने वाले ‘खाली ट्रकों’ की गहन जांच नहीं होने का फायदा तस्कर उठा रहे हैं।
  • SSB पर प्रश्नचिह्न: सीमा पर एसएसबी की तैनाती के बावजूद तस्करी की इस घटना ने सुरक्षा तंत्र की सतर्कता पर सवाल उठा दिए हैं।
  • अवैध व्यापार में वृद्धि: रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीपी में नए प्रबंधन के आने के बाद से इस तरह की गतिविधियों में इजाफा देखा गया है।

गौरतलब है कि हरैया थाना पुलिस ने पूर्व में भी करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त कर अपनी सक्रियता का प्रमाण दिया था।थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के नेतृत्व में तस्करी निरोधी मुहिम में लगातार सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!